Microsoft Outage: हॉन्गकॉन्ग के बैंकों में मचा हड़कंप, कर्मचारी ऑफलाइन करने लगे काम; जानिए कितना जरूरी है माइक्रोसॉफ्ट और कैसे ठप हो सकता है पूरा सिस्टम?
South China Morning Post के अनुसार हॉन्गकॉन्ग के वित्तीय केंद्र में कई बैंक कर्मचारियों को ईमेल भेजने और प्राप्त करने में दिक्कत हुई। कुछ कर्मचारियों को वैकल्पिक ईमेल व्यवस्था का सहारा लेना पड़ा, जबकि अन्य ने इंटरनेट आधारित सेवाओं के बजाय ऑफलाइन काम किया।
लेखक: Badrinath Shaw
4 मिनट में पढ़ें

दुनिया की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनियों में शामिल माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई बड़ी तकनीकी गड़बड़ी ने एक बार फिर डिजिटल दुनिया की निर्भरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 13 नवंबर को माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक समेत Microsoft 365 की कई सेवाएं प्रभावित हुईं। इसका असर हॉन्गकॉन्ग के वित्तीय क्षेत्र में भी देखने को मिला। कई बैंकों के कर्मचारियों को ईमेल सेवाएं बाधित होने के कारण ऑफलाइन काम करना पड़ा। बैकिंग निवेश व फाईनेंस सेवाओं में अग्रणी अमेरिकन कंपनी गोल्डमैन सैच्स और जापान की नोमुरा के कर्मचारियों ने भी कामकाज प्रभावित होने की जानकारी दी। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर माइक्रोसॉफ्ट इतना महत्वपूर्ण क्यों है और इसकी सेवाएं बंद होने से दुनिया का कामकाज कैसे प्रभावित हो सकता है?
क्या है माइक्रोसॉफ्ट आउटेज और हॉन्गकॉन्ग में क्या हुआ?
माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का मतलब कंपनी की किसी ऑनलाइन सेवा या तकनीकी प्रणाली का अस्थायी रूप से काम करना बंद कर देना है। इस बार समस्या का असर मुख्य रूप से Outlook और Exchange Online जैसी ईमेल सेवाओं पर पड़ा। इसके अलावा Teams और Copilot जैसी सेवाओं के उपयोगकर्ताओं ने भी परेशानी की सूचना दी।
South China Morning Post के अनुसार हॉन्गकॉन्ग के वित्तीय केंद्र में कई बैंक कर्मचारियों को ईमेल भेजने और प्राप्त करने में दिक्कत हुई। कुछ कर्मचारियों को वैकल्पिक ईमेल व्यवस्था का सहारा लेना पड़ा, जबकि अन्य ने इंटरनेट आधारित सेवाओं के बजाय ऑफलाइन काम किया। इससे साफ हुआ कि आधुनिक बैंकिंग व्यवस्था में ईमेल और डिजिटल संचार कितने महत्वपूर्ण हो चुके हैं।

आखिर माइक्रोसॉफ्ट इतना उपयोगी क्यों है?
माइक्रोसॉफ्ट केवल कंप्यूटर में इस्तेमाल होने वाला सॉफ्टवेयर नहीं है, बल्कि दुनिया भर के कारोबार और संस्थानों के डिजिटल कामकाज का महत्वपूर्ण हिस्सा है। Microsoft 365 के जरिए कंपनियां Outlook पर ईमेल भेजती हैं, Teams पर मीटिंग करती हैं और Word, Excel तथा PowerPoint में जरूरी दस्तावेज तैयार करती हैं।
इसके अलावा OneDrive और SharePoint जैसी सेवाएं फाइलों को ऑनलाइन सुरक्षित रखने और साझा करने में मदद करती हैं। बैंक, सरकारी कार्यालय, स्कूल, अस्पताल और बड़ी कंपनियां इन सेवाओं का इस्तेमाल करती हैं। यानी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कई विभागों कार्य होता है।
एक तकनीकी गड़बड़ी कैसे रोक सकती है पूरा सिस्टम?
माइक्रोसॉफ्ट की ज्यादातर क्लाउड सेवाएं बड़े डेटा सेंटर और सर्वर नेटवर्क के जरिए संचालित होती हैं। जब कोई कर्मचारी ईमेल खोलता है या Teams पर मीटिंग करता है, तो उसके कंप्यूटर और माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर के बीच लगातार डेटा का आदान-प्रदान होता है। अगर सर्वर में तकनीकी खराबी आ जाए, नेटवर्क कनेक्शन बाधित हो जाए या किसी कॉन्फिगरेशन अपडेट के कारण सर्वर ठीक से काम करना बंद कर दें, तो सेवाओं तक पहुंच प्रभावित हो सकती है।
इस बार शुरुआती जानकारी के अनुसार, सर्वर संबंधी समस्याओं के कारण कुछ सेवाओं पर दबाव बढ़ा। प्रभावित सर्वरों से हटकर ट्रैफिक दूसरे सर्वरों पर पहुंचा, जिससे उन पर भी अतिरिक्त भार पड़ने लगा। इस तरह एक छोटी तकनीकी गड़बड़ी का असर धीरे-धीरे कई सेवाओं तक फैल सकता है।

क्या पूरी दुनिया का कामकाज ठप हो सकता है?
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं पर बढ़ती निर्भरता के कारण इसका आउटेज केवल ईमेल तक सीमित नहीं रहता। बैंकिंग में भुगतान संबंधी सूचनाएं, ग्राहकों से संपर्क, आंतरिक निर्देश और कारोबारी दस्तावेज प्रभावित हो सकते हैं। सरकारी विभागों में फाइलों का आदान-प्रदान और संस्थानों के बीच संवाद धीमा पड़ सकता है।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं बंद होते ही सभी बैंकिंग लेनदेन या पूरी इंटरनेट व्यवस्था ठप हो जाती है। जिन संस्थानों के पास वैकल्पिक सिस्टम और बैकअप व्यवस्था होती है, वे दूसरे माध्यमों से काम जारी रख सकते हैं।
डिजिटल दुनिया के लिए क्या है सबसे बड़ी सीख?
इस घटना ने एक बार फिर बताया है कि तकनीक जितनी सुविधाजनक बनती जा रही है, उस पर निर्भरता भी उतनी ही बढ़ रही है। ऐसे में कंपनियों के लिए जरूरी है कि वे केवल एक क्लाउड सेवा पर निर्भर न रहें। वैकल्पिक ईमेल सिस्टम, ऑफलाइन डेटा बैकअप, आपातकालीन संचार व्यवस्था और मजबूत साइबर सुरक्षा ढांचा तैयार रखना जरूरी है।
माइक्रोसॉफ्ट आउटेज एक तकनीकी समस्या से कहीं अधिक बड़ा सबक है। यह बताता है कि डिजिटल दुनिया में कामकाज को सुचारू बनाए रखने के लिए तकनीक के साथ-साथ उसका विकल्प तैयार रखना भी उतना ही जरूरी है।
ये भी पढ़े – बंगाल में जिंदल का बड़ा निवेश, जनवरी में शुरू होगी नई पावर यूनिट की तैयारी, सीएम से हुई मुलाकात






0 टिप्पणियां