“हैदराबाद में बनेगा देश का पहला AI पुलिस स्टेशन”
लेखक: Manoj Prasad
2 मिनट में पढ़ें

आज के वक्त में भले ही बड़े AI मॉडल तैयार करने के मामले में अमेरिका और चीन दुनिया के शीर्ष देशों में शुमार हैं। मगर जमीनी स्तर पर AI टेक्नोलॉजी को अपनाने में भारत भी किसी से कम नहीं है। स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की ग्लोबल रिपोर्ट बताती है कि AI वाइब्रेंसी के मामले में भारत पूरी दुनिया में तीसरे नंबर पर पहुंच गया है।
सरकारी दफ्तरों से लेकर प्राइवेट कंपनियों तक आजकल हर जगह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का खूब इस्तेमाल हो रहा है। थाने में भी केस डायरी, जांच रिपोर्ट और चार्जशीट तैयार करने में भी AI की सहायता ली जा रही है। इसी के तहत तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद का पंजागुट्टा पुलिस स्टेशन देश का पहला ऐसा थाना बनने जा रहा है जो पूरी तरह AI तकनीक से लैस होगा।
हाल ही में हैदराबाद पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने इस थाने का दौरा किया और वहां की तैयारियों का जायजा लिया. बताया जा रहा है कि दिसंबर के पहले सप्ताह में तेलंगाना के DGP सीवी आनंद पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर इस हाई-टेक सिस्टम की शुरुआत करेंगे।
ऐसे दर्ज होगी FIR
किसी भी बड़े शहर के पुलिस स्टेशन में सबसे बड़ी चुनौती भाषा की होती है क्योंकि देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग यहां काम या पढ़ाई के लिए आते हैं। कई बार स्थानीय भाषा न जानने की वजह से पीड़ित अपनी शिकायत सही तरीके से दर्ज नहीं करा पाते। पंजागुट्टा थाने में इस दिक्कत को दूर करने के लिए रिसेप्शन पर ही सेतु (SETU) नाम का एक स्मार्ट कियोस्क लगाया गया है। ‘सेतु’ कियोस्क शिकायतों को 10 भाषाओं में दर्ज करने और उनका अनुवाद करने में मदद करेगा, जिससे FIR दर्ज करने की प्रक्रिया को आसान और तेज बनाने में मदद मिलेगी।
कोई भी शिकायतकर्ता अपनी भाषा में जो भी जानकारी देगा थाने का AI सिस्टम उसे तुरंत स्थानीय भाषा में अनुवाद करके संबंधित अधिकारी की स्क्रीन पर भेज देगा। इससे अनुवाद में लगने वाला समय बचेगा, जानकारी में कोई गलती की संभावना कमेगी और पुलिस बिना किसी देरी के FIR दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर पाएगी।
ये भी पढ़ें: दिल्ली समेत उत्तर भारत में प्रदूषण का कहर, बठिंडा में AQI 1379 के पार; कोलकाता की हवा अपेक्षाकृत साफ






0 टिप्पणियां