आंध्र प्रदेश में ONGC के गैस कुएं में बड़ा रिसाव, 800 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
लेखक: Manoj Prasad
2 मिनट में पढ़ें

अमरावती। आंध्र प्रदेश के डॉ. बीआर अंबेडकर कोनसीमा जिले में मंगलवार सुबह ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ONGC) के एक गैस कुएं में बड़ा रिसाव होने से इलाके में अफरातफरी मच गई। गैस का रिसाव सुबह करीब 5 बजे ममिडिकुडुरु मंडल के गेद्दाडा गांव में स्थित कुएं में री-ड्रिलिंग और वर्कओवर कार्य के दौरान हुआ। घटना के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के गांवों से करीब 800 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। गैस रिसाव की सूचना मिलते ही ONGC की विशेषज्ञ टीम, पुलिस, अग्निशमन विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर गैस कुएं के एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को हटाया गया। करीब 400 से 500 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। लोगों को बिजली के उपकरणों, गैस चूल्हों और आग से दूर रहने की हिदायत दी गई।
नेशनल हाईवे पर यातायात रोका, बिजली आपूर्ति बंद
गैस रिसाव के खतरे को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-216 के प्रभावित हिस्से पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई और यातायात को दूसरे रास्तों से भेजा गया। आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति भी एहतियातन बंद कर दी गई। कुएं के आसपास पानी की बौछार की व्यवस्था की गई, ताकि आग लगने की आशंका को कम किया जा सके। ONGC ने आपातकालीन प्रबंधन योजना सक्रिय कर दी है। कंपनी की विशेष टीम कुएं से गैस का रिसाव रोकने और उसे नियंत्रित करने में जुटी है। प्रशासन के अनुसार, घटना के दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। ONGC ने बताया कि निगरानी किए गए स्थानों पर गैस की सांद्रता शून्य दर्ज की गई, हालांकि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और प्रभावित क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ONGC के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय कर रिसाव पर जल्द नियंत्रण पाने और सुरक्षा उपायों की समीक्षा करने को कहा।






0 टिप्पणियां