बंगाल में जिंदल का बड़ा निवेश, जनवरी में शुरू होगी नई पावर यूनिट की तैयारी, सीएम से हुई मुलाकात
लेखक: admin
2 मिनट में पढ़ें

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में औद्योगिक निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। राज्य में औद्योगिक नीति की घोषणा से पहले शुभेंदु अधिकारी ने नवान्न में JSW ग्रुप के चेयरमैन सज्जन जिंदल से मुलाकात की। इस बैठक में राज्य में बड़े निवेश, बिजली परियोजना और स्वास्थ्य सेवाओं के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार रात पत्रकारों से बातचीत में मुलाकात की जानकारी देते हुए बताया कि सज्जन जिंदल राज्य में बड़ा निवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनवरी के दूसरे सप्ताह में मेदिनीपुर में पावर प्लांट की दूसरी यूनिट के लिए भूमिपूजन किया जाएगा। इस परियोजना से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का होगा विकास
जिंदल समूह ने अपनी कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) के तहत राज्य सरकार की शर्तों के अनुरूप मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के आधुनिकीकरण की पहल भी की है। इसके तहत अस्पताल में हार्ट यूनिट और बच्चों के लिए स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) जैसी महत्वपूर्ण चिकित्सा सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसका उद्देश्य अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना है। इसके अलावा, जिंदल समूह की ओर से राज्य के पुराने मंदिरों के जीर्णोद्धार की पहल भी की गई है।
औद्योगिक विकास और रोजगार पर सरकार का जोर
राज्य सरकार का कहना है कि पश्चिम बंगाल में औद्योगिक निवेश आकर्षित करना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी दिशा में गुरुवार को औद्योगिक नीति की घोषणा की जानी है। मुख्यमंत्री और सज्जन जिंदल की मुलाकात को राज्य में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयासों के रूप में देखा जा रहा है। पावर प्लांट की दूसरी यूनिट, मेडिकल कॉलेज का आधुनिकीकरण और पुराने मंदिरों का संरक्षण—इन पहलों के माध्यम से औद्योगिक निवेश के साथ सामाजिक और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया जा रहा है।






0 टिप्पणियां