छठ पूजा में मीट दुकानें रखनी होगी बंद , नगर पालिका के अल्टीमेटम से बढ़ा विवाद
लेखक: Manoj Prasad
अपडेट: 2 मिनट में पढ़ें

रामपुरहाट। पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट में छठ पूजा के दौरान मीट की दुकानें बंद रखने के नगर पालिका के आदेश को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। नगर पालिका ने तीन मीट दुकानदारों को छठ पूजा के दौरान दो दिनों तक दुकानें बंद रखने का निर्देश दिया है। इतना ही नहीं, अन्य दिनों में मीट को लाल कपड़े से ढककर रखने को भी कहा गया है। इस आदेश के सामने आने के बाद इलाके में राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
जानकारी के मुताबिक, रामपुरहाट सबडिविजन कोर्ट से गांधी पार्क जाने वाली सड़क पर स्थित तीन मीट दुकानों को नगर पालिका की ओर से नोटिस जारी किया गया है। शुक्रवार को दुकानदारों को मिले इस नोटिस में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि छठ पूजा के निर्धारित दो दिनों में दुकानें नहीं खोली जा सकती हैं। आदेश का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। नगर पालिका ने नोटिस की प्रतियां सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट और रामपुरहाट थाने के आईसी को भी भेजी हैं।
फैसले को लेकर बढ़ा विवाद
विपक्षी दलों ने नगर पालिका के इस आदेश पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि धार्मिक आस्था और त्योहारों का सम्मान होना चाहिए, लेकिन इसके नाम पर किसी व्यापारी को जबरन दुकान बंद करने का निर्देश देना उचित नहीं है। विपक्ष ने इसे कारोबार करने की स्वतंत्रता और लोगों की खान-पान संबंधी पसंद में हस्तक्षेप बताया है।

विधायक ने फैसले का किया स्वागत
वहीं, रामपुरहाट के विधायक ध्रुव साहा ने नगर पालिका के फैसले का समर्थन किया है। उनका कहना है कि छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु कठिन व्रत रखते हैं और धार्मिक नियमों का पालन करते हैं। ऐसे में उनकी आस्था और भावनाओं का सम्मान करना जरूरी है।
ये भी पढ़ें: एक ही दिन में दो जगह आग का तांडव! बारासात और हावड़ा की झुग्गियों में कई झोपड़ियां जलकर खाक





0 टिप्पणियां