एक ही दिन में दो जगह आग का तांडव! बारासात और हावड़ा की झुग्गियों में कई झोपड़ियां जलकर खाक
त्योहारों के मौसम में कई परिवारों के सिर से छिन गया आशियाना, बारासात में खाना बनाते समय सिलेंडर फटने से मची अफरा-तफरी
लेखक: Manoj Prasad
2 मिनट में पढ़ें

कोलकाता | पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को आग लगने की दो घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। सुबह हावड़ा के बालीहाल्ट में आग लगने की घटना सामने आई, वहीं दोपहर में बारासात के हाटखोला झुग्गी इलाके में आग ने कई झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही घंटों के अंतराल में हुई इन घटनाओं से कई परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। त्योहारों के मौसम में अपने घरों को जलते देख प्रभावित परिवारों का दर्द साफ नजर आया।
सिलेंडर फटने के बाद तेजी से फैली आग
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बारासात के हाटखोला झुग्गी इलाके में एक झोपड़ी में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर फट गया। धमाके के बाद झोपड़ी में आग लग गई और देखते ही देखते आसपास की झोपड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं। इलाका घनी आबादी वाला होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। इससे स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
दमकल की दो गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि, दमकलकर्मियों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी थी। काफी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक करीब पांच झोपड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थीं।
घनी आबादी और संकरी जगह बनी चुनौती
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने झुग्गी इलाके की बनावट पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि यहां एक ही दीवार से सटे कई घर बने हुए हैं। कुछ घरों के ऊपर भी दूसरे घर बनाए गए हैं और ऊपर जाने के लिए उचित सीढ़ियों तक की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में आग लगने पर हालात बेहद गंभीर हो सकते हैं।
वहीं, स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग के देर से पहुंचने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि अगर उन्होंने शुरुआत में ही पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश नहीं की होती, तो पूरी झुग्गी आग की चपेट में आ सकती थी। फिलहाल, एक ही दिन में हावड़ा और बारासात में हुई आग की इन घटनाओं ने झुग्गी बस्तियों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। त्योहारों के मौसम में कई परिवारों के लिए यह घटना खुशियों के बीच गहरे दुख की वजह बन गई है





0 टिप्पणियां