बंगाल की धरती पर छठ का बढ़ता कारवां, कोलकाता में बिहार की संस्कृति ने बनाई खास पहचान
बिहार-यूपी से आए लोगों ने कोलकाता में जीवित रखी छठ की परंपरा, हुगली के घाट बने लोक आस्था के प्रमुख केंद्र, रवींद्र सरोवर विवाद ने छवि को पहुँची ठेस
लेखक: Badrinath Shaw
अपडेट: 4 मिनट में पढ़ें

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता अपनी दुर्गापूजा, कालीपूजा जैसी पारंपरिक उत्सवों के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। लेकिन पिछले कई दशकों में यहां एक और पर्व ने अपनी अलग पहचान बनाई है। यह है लोक आस्था का महापर्व छठ। कभी मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक सीमित माने जाने वाले इस पर्व की गूंज अब कोलकाता की गलियों से लेकर हुगली नदी के घाटों तक सुनाई देती है। सवाल यह है कि आखिर बांग्ला भाषी शहर कोलकाता में छठ महापर्व का इतना विस्तार कैसे हुआ?
रोजगार और पलायन ने रखी विस्तार की नींव
कोलकाता में छठ महापर्व के विस्तार की सबसे बड़ी वजह दूसरे राज्यों से आए लोगों का बसना माना जाता है। बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, व्यापार और बेहतर जीवन की तलाश में कोलकाता पहुंचे। इनमें मजदूर, छोटे व्यापारी, कारोबारी और नौकरीपेशा लोग शामिल थे। इन लोगों ने कोलकाता को अपना नया घर बनाया, लेकिन अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और धार्मिक आस्थाओं को भी साथ लेकर आए। उनके लिए छठ केवल पूजा नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी, परिवार और गांव से जुड़ाव का प्रतीक था। धीरे-धीरे परिवारों और समुदायों के माध्यम से यह पर्व शहर के अलग-अलग इलाकों में लोकप्रिय होने लगा।
ये भी पढ़े – छठ महापर्व: आस्था, प्रकृति और सूर्य उपासना का अद्भुत संगम, जानिए इस पर्व का महत्व और परंपराएं
हुगली के घाट बने आस्था का प्रमुख केंद्र
शुरुआत में छठ पूजा मुख्य रूप से उन इलाकों में मनाई जाती थी, जहां बिहार और पूर्वांचल के लोगों की अच्छी आबादी थी। हुगली नदी के किनारे स्थित घाट इस पर्व के प्रमुख केंद्र बन गए। बाबूघाट, दहीघाट, बाजेकदमतल्लाघाट, निमतल्ला घाट और बागबाजार घाट पर हर साल हजारों श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचने लगे। समय के साथ दक्षिण और पूर्वी कोलकाता में भी छठ पूजा का विस्तार हुआ। कसबा, टॉलीगंज, जादवपुर, पटुली, गार्डनरीच और मुकुंदपुर जैसे इलाकों में भी इसकी रौनक बढ़ने लगी।

बदलती आबादी और शहरीकरण ने बढ़ाई जरूरत
कोलकाता में छठ पूजा के विस्तार के पीछे शहर का बदलता स्वरूप भी एक महत्वपूर्ण कारण है। दक्षिण कोलकाता में तेजी से हुए शहरीकरण के कारण कई पुराने तालाब और जलाशय समाप्त हो गए। इससे स्थानीय श्रद्धालुओं के सामने पूजा के लिए उपयुक्त जलस्रोत की समस्या पैदा हुई।
रवींद्र सरोवर में छठ पूजा को लेकर विवाद भी बना चर्चा का विषय
कोलकाता में छठ महापर्व के विस्तार के साथ रवींद्र सरोवर में पूजा को लेकर विवाद भी सामने आया। दरअसल, पर्यावरण संरक्षण और झील के पारिस्थितिक संतुलन को लेकर यहां छठ पूजा के आयोजन पर आपत्ति जताई गई थी। पर्यावरणविदों का कहना था कि पूजा के दौरान पटाखों, ध्वनि प्रदूषण और जल में पूजा सामग्री विसर्जित करने से झील के पर्यावरण को नुकसान पहुंच सकता है। इस मामले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने भी हस्तक्षेप किया और रवींद्र सरोवर में छठ पूजा पर रोक लगाने का आदेश दिया। इसके बाद श्रद्धालुओं और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े पक्षों के बीच यह मुद्दा चर्चा का विषय बन गया।

प्रशासनिक सहयोग से बढ़ा आयोजन का दायरा
छठ महापर्व के बढ़ते विस्तार के साथ नगर निगम और कोलकाता महानगर विकास प्राधिकरण ने भी व्यवस्थाओं को मजबूत किया। घाटों की सफाई, रोशनी, सुरक्षा, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, अस्थायी जलाशय और चिकित्सा सुविधाओं जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जाने लगीं। 2023 में कोलकाता नगर निगम ने 42 कृत्रिम तालाब और घाट तैयार किए थे। वहीं, 2024 में केएमसी और केएमडीए ने मिलकर शहर में 80 घाटों पर व्यवस्था की थी। इससे श्रद्धालुओं को अपने घरों के आसपास ही पूजा करने की सुविधा मिली।
बिहार का पर्व बना कोलकाता की साझा सांस्कृतिक पहचान
आज कोलकाता में छठ केवल किसी एक भाषाई या क्षेत्रीय समुदाय का पर्व नहीं रह गया है। इस दौरान बंगाली और गैर-बंगाली परिवारों के बीच भी आपसी सहभागिता देखने को मिलती है। कई जगह स्थानीय लोग घाटों की सफाई और आयोजन में सहयोग करते हैं। बाजारों में सूप, दौरा, फल, गन्ना और ठेकुआ की खरीददारी से रौनक बढ़ जाती है।
मैत्री और सहयोग का समन्वय
छठ का सबसे बड़ा संदेश प्रकृति, जल और सूर्य के प्रति सम्मान है। शायद यही वजह है कि इस पर्व ने भाषा और क्षेत्र की सीमाओं को पार कर कोलकाता में अपनी जगह बनाई है। इस तरह छठ महापर्व का विस्तार केवल एक धार्मिक आयोजन का विस्तार नहीं, बल्कि कोलकाता की बहुसांस्कृतिक पहचान और सामाजिक मेलजोल की भी कहानी है। आज जब डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए हजारों हाथ एक साथ उठते हैं, तो कोलकाता की धरती पर विविधता में एकता की खूबसूरत तस्वीर दिखाई देती है।
ये भी पढ़ें – छठ पर्व और शारदा सिन्हा का अटूट रिश्ता, उनके गीतों के बिना अधूरा लगता है महापर्व





0 टिप्पणियां