गहनों के लालच में खूनी खेल! मुर्शिदाबाद में 14 वर्षीय किशोरी ने 9 साल की सहेली की गला घोंटकर की हत्या
नौदा के बाली गांव में वारदात के बाद शव को अपने घर में चौकी के नीचे छिपाया, मृत बच्ची के सोने के कान के झुमके और चांदी के गहने बरामद; आरोपी किशोरी को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया।
लेखक: admin
2 मिनट में पढ़ें

मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में गहनों के लालच में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नौदा थाना क्षेत्र के बाली गांव के मध्यमपाड़ा में 14 साल की एक किशोरी पर अपनी नौ साल की सहेली की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि किशोरी ने बच्ची के कान के सोने के झुमके और गले तथा हाथ के चांदी के गहने हासिल करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद उसने बच्ची के शव को अपने घर में चौकी के नीचे छिपा दिया। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी किशोरी को हिरासत में लिया है।
खेलने के बहाने घर बुलाया
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नौ साल की बच्ची गांव के एक स्थानीय स्कूल में तीसरी कक्षा की छात्रा थी। आरोपी किशोरी भी उसी इलाके में रहती थी। दोनों एक-दूसरे को जानती थीं और साथ खेलती थीं। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बच्ची के माता-पिता इलाज के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। बच्ची उस समय घर में अकेली थी। इसी दौरान 14 वर्षीय किशोरी उसे खेलने के बहाने अपने घर बुलाकर ले गई।
शाम को घर लौटा परिवार, शुरू हुई तलाश
दोपहर बाद बच्ची के माता-पिता घर लौटे तो बेटी को वहां नहीं पाया। पहले उन्होंने आसपास और परिचितों के घरों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद रात में नौदा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने भी गांव में तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि बच्ची को आखिरी बार आरोपी किशोरी के साथ देखा गया था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस उसके घर पहुंची।
चौकी के नीचे मिला बच्ची का शव
गुरुवार रात करीब 12 बजे पुलिस ने किशोरी के घर की तलाशी ली। इस दौरान कमरे में रखी चौकी के नीचे बच्ची का शव मिला। पुलिस के अनुसार, बच्ची के कान और गले में मौजूद गहने गायब थे। इसके बाद घर की तलाशी लेने पर बच्ची के सोने के कान के झुमके तथा हाथ और गले के चांदी के गहने बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में गहनों के लालच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है।
आरोपी किशोरी को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया
घटना के बाद पुलिस ने 14 वर्षीय किशोरी को पूछताछ के लिए थाने ले गई। शुक्रवार को उसे बहरामपुर जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी किशोरी के पिता का निधन हो चुका है, जबकि उसकी मां दूसरे राज्य में काम करती हैं। बताया गया है कि वह घर में अकेली रहती थी। इस घटना से बाली गांव और आसपास के इलाके में स्तब्धता है। एक ही इलाके में रहने वाली दो बच्चियों के बीच परिचय और साथ खेलने का रिश्ता इस दर्दनाक घटना के कारण चर्चा में है। पुलिस हत्या के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।





0 टिप्पणियां