टाला टैंक की पाइप फटने से उत्तर कोलकाता में जलसंकट, इलाके में फैला पानी, विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित
लेखक: Manoj Prasad
2 मिनट में पढ़ें

कोलकाता | उत्तर कोलकाता के टाला इलाके में सोमवार को पानी की टंकी की पाइप फटने से बड़ा संकट पैदा हो गया। पाइप फटने के कारण टैंक से तेज रफ्तार में पानी निकलने लगा और देखते ही देखते पूरा इलाका जलमग्न हो गया। पानी भरने से रेललाइन भी डूब गई, जिसके कारण टाला में चक्ररेल सेवा ठप हो गई। इसके अलावा कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। इस घटना का असर उत्तर कोलकाता के बड़े हिस्से में पेयजल आपूर्ति पर पड़ने की आशंका है, जिससे स्थानीय निवासियों की परेशानी बढ़ गई है।
भूमिगत पाइप फटने से हुआ जलभराव
सोमवार दोपहर के आसपास अचानक टाला इलाके में पानी भरने लगा। शुरुआत में लोगों को समझ नहीं आया कि इतनी बड़ी मात्रा में पानी कहां से आ रहा है। बाद में पता चला कि टाला जल टैंक की पाइप फट गई है। इसके बाद टैंक से लगातार पानी निकलने लगा और आसपास की सड़कें तथा रेललाइन पानी में डूब गईं। टाला टैंक से ही मुख्य रूप से उत्तर कोलकाता के विभिन्न इलाकों में पेयजल की आपूर्ति की जाती है। ऐसे में पाइप फटने से जलापूर्ति व्यवस्था पर व्यापक असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
मौके पर पहुंचीं नगर आयुक्त स्मिता पांडे
घटना की जानकारी मिलते ही कोलकाता नगर निगम की नगर आयुक्त स्मिता पांडे मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि जमीन के नीचे पाइप फट गई है। घटनास्थल के पास ही रेल ट्रैक भी है, जिसके कारण पानी की निकासी की व्यवस्था में कठिनाई आ रही है। उनके अनुसार, रेल ट्रैक से संबंधित निकासी व्यवस्था रेलवे के जिम्मे है। इलाके में कई नाले मौजूद हैं, लेकिन समय पर पानी का बहाव नालों की ओर नहीं मोड़ा जा सका, जिससे बड़े पैमाने पर जलभराव हो गया।
पानी निकालने में जुटे निगमकर्मी, सामान्य होने में लगेगा समय
जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम के कर्मचारी पानी निकालने और उसकी निकासी का रास्ता तैयार करने में जुटे हैं। हालांकि, नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि पूरी व्यवस्था को सामान्य होने में समय लगेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पाइप की मरम्मत और जलापूर्ति बहाल होने में कितना वक्त लगेगा। टाला टैंक से उत्तर कोलकाता के बड़े हिस्से में पानी की आपूर्ति होने के कारण स्थानीय निवासियों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, जमा पानी से प्रदूषण फैलने की आशंका ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है।






0 टिप्पणियां