कोलकाता एयरपोर्ट पर हाईजैक अलर्ट से मचा हड़कंप, एयर इंडिया की फ्लाइट में मिला धमकी भरा संदेश
विमान में कुल 92 यात्री सवार थे और सभी अपनी सीटों पर बैठ चुके थे। पायलट भी उड़ान भरने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ओर से पायलट को हाईजैक अलर्ट की सूचना दी गई।
लेखक: Badrinath Shaw
2 मिनट में पढ़ें

कोलकाता। कोलकाता एयरपोर्ट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट में हाईजैक अलर्ट जारी किया गया। विमान के उड़ान भरने से ठीक पहले पायलट को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की ओर से एक विशेष चेतावनी मिली। इसके बाद विमान को तुरंत आइसोलेशन बे में ले जाया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया। घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों के बीच दहशत फैल गई।
92 यात्री थे सवार, मुंबई जा रही थी फ्लाइट
जानकारी के मुताबिक, कोलकाता एयरपोर्ट से एयर इंडिया की एक फ्लाइट मुंबई के लिए रवाना होने वाली थी। विमान में कुल 92 यात्री सवार थे और सभी अपनी सीटों पर बैठ चुके थे। पायलट भी उड़ान भरने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ओर से पायलट को हाईजैक अलर्ट की सूचना दी गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विमान के शौचालय के शीशे पर हाईजैक से जुड़ा कुछ लिखा हुआ मिला था। इसके अलावा विमान के अंदर एक धमकी भरा चिट्ठी मिलने की भी खबर सामने आई।
यात्रियों में मचा हड़कंप
अलर्ट मिलते ही उड़ान को तत्काल रोक दिया गया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। वहीं, विमान में मौजूद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरी जगह पहुंचाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से यात्रियों में काफी घबराहट देखी गई। एयरपोर्ट परिसर में भी तनावपूर्ण माहौल बन गया।
सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी शुरू की
आइसोलेशन बे में विमान पहुंचने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सघन तलाशी शुरू की। जांच की जा रही है कि विमान में धमकी भरा संदेश कैसे पहुंचा और इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि धमकी वास्तविक थी या किसी ने शरारत के इरादे से ऐसा किया था। फिलहाल, इस मामले में एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।






0 टिप्पणियां