कालीपूजा विसर्जन को लेकर कोलकाता में कड़ी सुरक्षा, 14 स्थानों पर 28 महिला पुलिस अधिकारी तैनात; सिर्फ कालीघाट मंदिर की सुरक्षा में 100 जवान
लेखक: Manoj Prasad
4 मिनट में पढ़ें

कोलकाता | कालीपूजा के विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए कोलकाता पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। शहर के 14 महत्वपूर्ण घाटों और चौराहों पर 28 महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। ये महिला पुलिसकर्मी सोमवार शाम चार बजे से माइक के जरिए लगातार घोषणाएं करेंगी और विसर्जन के दौरान नियमों का पालन सुनिश्चित कराएंगी। वहीं, कालीघाट मंदिर की सुरक्षा के लिए एक डीसी के नेतृत्व में 100 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम से गुरुवार तड़के तक विसर्जन का सिलसिला जारी रहेगा।
14 स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती
दुर्गापूजा के दौरान चोरबागान में गलत घोषणा के कारण हुई बड़ी घटना के बाद पुलिस इस बार विसर्जन व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्क है। घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, पूजा आयोजकों से नियमों का पालन कराने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी दी गई है। लालबाजार का मानना है कि महिला पुलिसकर्मियों की घोषणाओं और निर्देशों को लोग अधिक गंभीरता से लेते हैं। निमतला घाट, गोवालियर घाट, बाजा कदमतला घाट, बाबूघाट, बागबाजार घाट, कुम्हारटोली घाट, दईघाट, रतन बाबू घाट, बिचाली घाट, मां का घाट, रवींद्र सरणी और निमतला घाट स्ट्रीट, निमतला एवं स्ट्रैंड रोड के संगम स्थल, पलाशी गेट रोड और किंग्सवे के संगम स्थल तथा जल पुलिस कार्यालय के पास महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी। वे सोमवार शाम चार बजे से लेकर देर रात और तड़के तक लगातार घोषणाएं करेंगी।
ट्रैफिक व्यवस्था संभालेंगी नौ टीमें
विसर्जन के दौरान सड़कों पर पटाखे फोड़ने और भीड़ के कारण यातायात बाधित न हो, इसके लिए दक्षिण कोलकाता के आठ प्रमुख चौराहों और स्ट्रैंड रोड पर ट्रैफिक पुलिस की नौ टीमें निगरानी करेंगी। प्रत्येक टीम में छह से आठ ट्रैफिक पुलिसकर्मी और अधिकारी रहेंगे। इसके अलावा, गंगा में गश्त लगाकर घाटों पर नजर रखने के लिए जल पुलिस की चार टीमें तैनात की गई हैं। निर्बाध विसर्जन सुनिश्चित करने के लिए निमतला घाट, गोवालियर घाट और दईघाट सहित जल पुलिस कार्यालय के पास चार विशेष पुलिस शिविर भी बनाए जा रहे हैं। पूरे शहर में करीब 250 पुलिस पिकेट तैनात रहेंगे, जबकि दिन के समय गंगा के 20 घाटों पर भी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे।
गंगा के 28 घाटों पर डीएमजी की टीमें तैनात
सुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गंगा के 28 घाटों पर डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप (डीएमजी) की टीमें मोटर चालित नावों के साथ तैयार रहेंगी। इन नावों में वायरलेस सेट और लाउडस्पीकर भी होंगे। जल पुलिस कार्यालय में दो अतिरिक्त टीमें तैनात रहेंगी। इसके अलावा, शहर के 14 सरोवरों और जलाशयों में भी डीएमजी की टीमें बिना नाव के मौजूद रहेंगी।
अवैध पटाखों पर रोक के लिए व्यापक पुलिस गश्त
अवैध पटाखों के इस्तेमाल को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कालीपूजा की शाम से गुरुवार तक दो चरणों में पुलिस गश्त करेगी। इसके तहत 62 पुलिस कंट्रोल रूम वाहन, 10 हेवी रेडियो फ्लाइंग स्क्वाड, 30 पुलिस कंट्रोल रूम मोबाइल और 18 स्पेशल हेवी रेडियो फ्लाइंग स्क्वाड तैनात किए गए हैं। जरूरत पड़ने पर इन वाहनों में मौजूद पुलिसकर्मी यातायात पुलिस की भी मदद करेंगे। इसके अलावा, टाटा सूमो और छोटी गाड़ियों के जरिए 22 टीमें सड़कों पर रहेंगी। संकरी गलियों में अवैध तेज आवाज वाले पटाखों पर निगरानी रखने के लिए 126 ऑटो भी पुलिस गश्त में लगाए गए हैं। प्रत्येक ऑटो में दो पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
नौ मंदिरों में भी सुरक्षा व्यवस्था, 27 स्थानों पर वॉच टावर
कालीघाट मंदिर की सुरक्षा के लिए एक डीसी के नेतृत्व में 100 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, कोलकाता के नौ अन्य मंदिरों में भी पुलिस की तैनाती की गई है। शहर के 27 महत्वपूर्ण चौराहों और घाटों पर निगरानी के लिए वॉच टावर बनाए गए हैं। प्रत्येक टावर पर दो पुलिसकर्मी दूरबीन के जरिए निगरानी करेंगे। तेज आवाज वाले पटाखों के इस्तेमाल पर नियंत्रण रखने के लिए विभिन्न इलाकों में बहुमंजिला इमारतों की छतों से भी पुलिस नजर रखेगी।
क्यूआरटी, एंबुलेंस और अतिरिक्त कंट्रोल रूम तैयार
आपात स्थिति से निपटने के लिए नौ स्थानों पर पुलिस की गाड़ियां तैनात रहेंगी, जो दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में रास्ता दिखाएंगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत नौ स्थानों पर क्विक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी) और चार स्थानों पर स्पेशल क्यूआरटी तैनात रहेंगी। लालबाजार ने 10 एंबुलेंस और 14 ट्रॉमा केयर एंबुलेंस भी तैयार रखी हैं। इसके अलावा, कालीपूजा के मद्देनजर हेस्टिंग्स स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में एक अतिरिक्त कंट्रोल रूम बनाया गया है।






0 टिप्पणियां