इवेको को खरीदने के लिए टाटा मोटर्स ने बढ़ाई बोली, अब €14.40 प्रति शेयर का ऑफर
नियामकीय मंजूरियों में देरी के चलते टाटा मोटर्स का फैसला, इटली की दिग्गज वाणिज्यिक वाहन निर्माता कंपनी के अधिग्रहण की दिशा में बढ़ाया कदम
लेखक: admin
अपडेट: 2 मिनट में पढ़ें

नई दिल्ली। टाटा मोटर्स ने इटली की ट्रक निर्माता कंपनी इवेको ग्रुप एनवी के अधिग्रहण के लिए अपनी पेशकश कीमत में बढ़ोतरी की है। कंपनी ने प्रति शेयर पेशकश मूल्य 0.30 यूरो बढ़ाकर 14.40 यूरो कर दिया है। टाटा मोटर्स ने यह फैसला नियामकीय मंजूरियों की प्रक्रिया में अनुमान से अधिक समय लगने के कारण लिया है।
€3.8 अरब का है अधिग्रहण सौदा
टाटा मोटर्स ने अपनी सहायक कंपनी टीएमएल सीवी होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से इवेको के कारोबार का अधिग्रहण करने की योजना बनाई है। इस सौदे में इवेको का रक्षा वाहन कारोबार शामिल नहीं है। पहले इस सौदे का मूल्य लगभग 3.8 अरब यूरो आंका गया था। टाटा मोटर्स ने इससे पहले इवेको के लिए प्रति शेयर 14.10 यूरो की पेशकश की थी।
सभी शेयर खरीदने के लिए नकद प्रस्ताव
सितंबर में टाटा मोटर्स ने इवेको के सभी बकाया साधारण शेयरों को खरीदने के लिए स्वैच्छिक नकद निविदा प्रस्ताव पेश किया था। इस प्रस्ताव को स्वीकार करने की अवधि 7 सितंबर से 26 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इवेको के शेयरधारकों को संबंधित प्रस्तावों पर मतदान के लिए 16 अक्टूबर को होने वाली असाधारण आम बैठक में हिस्सा लेना है। इवेको के निदेशक मंडल ने सर्वसम्मति से इस अधिग्रहण सौदे का समर्थन किया है।
शेयर के पुराने भाव से 33.47 प्रतिशत अधिक कीमत
टाटा मोटर्स ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी गई सूचना में कहा कि पहले तय की गई पेशकश कीमत इवेको के उचित और पूर्ण मूल्यांकन को दर्शाती थी। हालांकि, आवश्यक पूर्व मंजूरियों की प्रक्रिया में शुरुआती अनुमान से अधिक समय लगने के कारण कीमत बढ़ाने का निर्णय लिया गया। कंपनी के अनुसार, संशोधित पेशकश मूल्य 17 जुलाई 2025 को इवेको के शेयर भाव से 33.47 प्रतिशत अधिक है। इस अधिग्रहण से टाटा मोटर्स के वैश्विक वाणिज्यिक वाहन कारोबार को विस्तार देने की रणनीति को मजबूती मिल सकती है। हालांकि, सौदे की अंतिम प्रक्रिया नियामकीय मंजूरियों और निर्धारित शर्तों पर निर्भर करेगी।






0 टिप्पणियां