गुजरात में खेल महाकुंभ का आगाज, 76 लाख से अधिक खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल बोले- खेल महाकुंभ ने राज्य में नई खेल संस्कृति विकसित की, खिलाड़ियों की सीधी सहायता 50 से बढ़ाकर 500 होगी
लेखक: admin
अपडेट: 2 मिनट में पढ़ें

वडोदरा। गुजरात में खेल महाकुंभ 2026 का उद्घाटन मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने वडोदरा में किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2010 में इस आयोजन में करीब 16.5 लाख प्रतिभागी शामिल हुए थे, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 76 लाख से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि अब चुनौती प्रतिभागियों की इस बड़ी संख्या में से ऐसे खिलाड़ियों को तैयार करना है, जो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर सकें।
410 खिलाड़ी खेलो इंडिया के तहत ले रहे प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही मंच और अवसर देने की है। खेल महाकुंभ ने राज्य में खेलों की नई संस्कृति विकसित की है। उन्होंने बताया कि राज्य के करीब 410 खिलाड़ी खेलो इंडिया के तहत प्रशिक्षण ले रहे हैं, जबकि टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना के अंतर्गत सहायता प्राप्त लगभग 11 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
शक्तिदूत योजना में 500 खिलाड़ियों को मिलेगी सीधी सहायता
उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि सरकार स्कूलों, गांवों और शहरों के युवाओं को संगठित खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि शक्तिदूत योजना के तहत सीधे सहायता पाने वाले खिलाड़ियों की संख्या 50 से बढ़ाकर 500 की जा रही है। खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और खेल सुविधाओं के लिए बजट भी चार गुना बढ़ाया गया है। सरकार ग्रामीण और तालुका स्तर पर बेहतर खेल संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम कर रही है।
युवाओं से मैदान में अधिक समय बिताने की अपील
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने युवाओं से मोबाइल और स्क्रीन पर कम समय बिताकर खेल के मैदान में अधिक समय देने की अपील की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी फिट इंडिया अभियान को आगे बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए दूसरों को प्रेरित कर सकते हैं। युवाओं की भागीदारी नशामुक्त भारत के अभियान में भी अहम भूमिका निभा सकती है।
मेहसाणा जिला बना खेल महाकुंभ 2025 का चैंपियन
कार्यक्रम में खेल महाकुंभ 2025 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्कूलों, जिलों और नगर निगमों को सम्मानित किया गया। जिलों की श्रेणी में मेहसाणा ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि खेड़ा दूसरे और अहमदाबाद तीसरे स्थान पर रहा। नगर निगमों की श्रेणी में सूरत पहले, अहमदाबाद दूसरे और वडोदरा तीसरे स्थान पर रहा।






0 टिप्पणियां