गुजरात में 22 हजार से अधिक गरबा आयोजनों पर पुलिस की नजर, त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू
नवरात्रि में महिला सुरक्षा से लेकर सोशल मीडिया की निगरानी तक के विशेष इंतजाम, आयोजकों के लिए सीसीटीवी और मेटल डिटेक्टर अनिवार्य
लेखक: admin
अपडेट: 2 मिनट में पढ़ें

गुजरात में नवरात्रि के दौरान गरबा आयोजनों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने राज्यभर में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है। रविवार से शुरू हो रहे उत्सव के मद्देनजर महानगरों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। राज्य में 22 हजार से अधिक गरबा आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।
महानगरों से गांवों तक सुरक्षा के इंतजाम
गुजरात में इस वर्ष 364 पार्टी प्लॉट, 2,727 सार्वजनिक गरबा और 16,527 स्ट्रीट गरबा आयोजनों की योजना है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए राज्य पुलिस महानिदेशक ज्ञानेंद्र सिंह मलिक ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों और पुलिस आयुक्तों को गश्त बढ़ाने तथा सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। पुलिस आयोजन स्थलों के साथ आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों पर भी नजर रखेगी।
पारंपरिक वेशभूषा में तैनात रहेगी शी टीम
गरबा पंडालों में महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती होगी। वर्दी के अलावा सादे कपड़ों में भी महिला पुलिसकर्मी भीड़भाड़ वाले रास्तों, शॉपिंग क्षेत्रों और पार्टी प्लॉटों में निगरानी करेंगी। गरबा स्थलों के भीतर पारंपरिक परिधान में शी टीम की तैनाती भी की जाएगी। छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया से लेकर गरबा पंडालों तक निगरानी
त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री साझा करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिशों पर साइबर क्राइम पुलिस नजर रखेगी। आपत्तिजनक पोस्ट, वीडियो और ऑडियो के जरिए तनाव फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गरबा आयोजकों के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग द्वार, हाई डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे, डोरफ्रेम और हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर तथा ब्रीथ एनालाइजर की व्यवस्था अनिवार्य की गई है। पर्याप्त निजी सुरक्षा कर्मचारियों और महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के साथ यातायात तथा पार्किंग प्रबंधन पर भी जोर दिया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करें।






0 टिप्पणियां