गुजरात में ब्रेस्ट कैंसर के 53% मरीज 50 वर्ष से अधिक उम्र के, पुरुष भी बीमारी की चपेट में
लेखक: admin
3 मिनट में पढ़ें

अहमदाबाद। ब्रेस्ट कैंसर को आमतौर पर महिलाओं से जुड़ी बीमारी माना जाता है, लेकिन पुरुष भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। गुजरात कैंसर एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (जीसीआरआइ), अहमदाबाद के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2021 से 2026 तक संस्थान में दर्ज ब्रेस्ट कैंसर के 7,920 मरीजों में से 4,212 की उम्र 50 वर्ष से अधिक है। यह कुल मरीजों का 53.18 प्रतिशत है। वहीं, पांच वर्षों में पुरुषों में ब्रेस्ट कैंसर के 89 मामले सामने आए हैं। ये आंकड़े बीमारी के प्रति जागरूकता, शुरुआती पहचान और समय पर उपचार की जरूरत को रेखांकित करते हैं।
50 वर्ष से कम उम्र के मरीज भी बड़ी संख्या में
जीसीआरआइ के आंकड़ों के अनुसार, ब्रेस्ट कैंसर के कुल मरीजों में 40 से 50 वर्ष की आयु के 2,417 मरीज हैं, जो कुल संख्या का 30.52 प्रतिशत है। वहीं, 30 से 40 वर्ष की उम्र के 1,115 मरीज दर्ज किए गए, जो 14.08 प्रतिशत हैं। इसके अलावा, 30 वर्ष से कम उम्र के 176 मरीज सामने आए हैं। यह कुल मरीजों का 2.22 प्रतिशत है। आंकड़े बताते हैं कि ब्रेस्ट कैंसर का जोखिम केवल अधिक उम्र तक सीमित नहीं है और कम उम्र के लोगों में भी इसके मामले सामने आ सकते हैं।
हर साल बढ़ रहे मरीजों के मामले
संस्थान में वर्ष 2024 में ब्रेस्ट कैंसर के 1,464 मामले दर्ज किए गए, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 1,541 हो गई। यानी एक साल में 77 मामलों की वृद्धि हुई, जो लगभग 5.3 प्रतिशत है। वर्ष 2026 में अब तक 761 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 753 महिलाएं और आठ पुरुष शामिल हैं। यह आंकड़ा वर्ष के पूरा होने से पहले तक का है।
पुरुषों में भी सामने आ रहे ब्रेस्ट कैंसर के मामले
जीसीआरआइ में वर्ष 2020 से 2024 के बीच पुरुषों में ब्रेस्ट कैंसर के कुल 89 मामले दर्ज किए गए। इनमें वर्ष 2020 में 15, 2021 में 17, 2022 में 16, 2023 में 25 और 2024 में 16 मामले सामने आए। पुरुषों में ब्रेस्ट कैंसर अपेक्षाकृत दुर्लभ है, लेकिन बढ़ती उम्र, पारिवारिक इतिहास और कुछ आनुवंशिक कारण इसके जोखिम को बढ़ा सकते हैं। इसलिए पुरुषों को भी स्तन में किसी असामान्य बदलाव को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
देर से पहचान होने पर बढ़ सकती हैं चुनौतियां
जीसीआरआइ के वर्ष 2024 के आंकड़ों के अनुसार, 1,510 मरीजों में से 3.31 प्रतिशत में बीमारी पहले चरण में दर्ज की गई। वहीं, 29.74 प्रतिशत मरीज तीसरे और 16.16 प्रतिशत मरीज चौथे चरण में पहुंचे थे। बीमारी की शुरुआती पहचान होने पर समय पर उपचार शुरू किया जा सकता है, जिससे बेहतर परिणाम मिलने की संभावना बढ़ती है। इसके लिए लक्षणों पर ध्यान देना और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय जांच कराना महत्वपूर्ण है।
स्तन में गांठ या बदलाव दिखे तो डॉक्टर से करें संपर्क
जीसीआरआइ के निदेशक डॉ. शशांक पंड्या के अनुसार, स्तन में गांठ या सूजन, आकार में बदलाव, त्वचा में सिकुड़न और असामान्य स्राव ब्रेस्ट कैंसर के संभावित संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। गांठ में दर्द न होने पर भी उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उम्र और व्यक्तिगत जोखिम के आधार पर जांच के लिए चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। नियमित स्वास्थ्य जांच और लक्षणों के प्रति जागरूकता बीमारी की समय पर पहचान में मदद कर सकती है।






0 टिप्पणियां