दुर्गापूजा पास मामले में पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन से ईडी की पूछताछ, सीजीओ कॉम्प्लेक्स के बाहर पुलिस तैनात
लेखक: admin
2 मिनट में पढ़ें

कोलकाता। पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन बुधवार को कोलकाता के सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय में पेश हुए। दुर्गापूजा के पास बेचने में कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में ईडी उनसे पूछताछ कर रही है। सेन बुधवार को दस्तावेज लेकर कार्यालय पहुंचे। इस दौरान सीजीओ कॉम्प्लेक्स के बाहर कोलकाता पुलिस के अधिकारी भी मौजूद रहे। हालांकि, पुलिस अधिकारियों के वहां पहुंचने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
यूनेस्को के नाम पर पास बेचने का आरोप
इंद्रनील सेन पर यूनेस्को के नाम का इस्तेमाल कर दुर्गापूजा के प्रीव्यू शो और विशेष प्रवेश के पास बेचने तथा करोड़ों रुपये की कथित वित्तीय अनियमितताओं का आरोप है। इस मामले में कोलकाता पुलिस के बोबाजार थाने में जयदीप मुखर्जी नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज हुई, जिसके बाद ईडी ने भी जांच शुरू की। इससे पहले ईडी सेन से कई बार पूछताछ कर चुकी है और उनके कई ठिकानों पर तलाशी भी ली गई थी। दुर्गापूजा और लक्ष्मीपूजा समाप्त होने के बाद उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
50 से 60 करोड़ रुपये की गड़बड़ी का संदेह
ईडी की प्रारंभिक जांच के अनुसार, इस मामले में 50 से 60 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता होने का संदेह है। जांच एजेंसी ने सेन के कसबा स्थित आवास और सिंगूर स्थित फार्महाउस पर भी तलाशी ली थी। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि दुर्गापूजा के प्रीव्यू शो और विशेष प्रवेश के नाम पर कथित तौर पर फर्जी पास बेचकर पैसे जुटाए गए। सेन की पत्नी मधुछंदा सेन पर भी इस मामले में संलिप्तता के आरोप लगाए गए हैं।
अग्रिम जमानत याचिका पर भी कानूनी पेच
इंद्रनील सेन ने ईडी और पुलिस की जांच के बीच अग्रिम जमानत के लिए कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया था, लेकिन उनकी याचिका खारिज हो गई। इसके बाद उन्होंने इस आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में अपील की। मंगलवार को मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता की पीठ में होनी थी, लेकिन उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से सुनवाई से खुद को अलग कर लिया। इसके चलते मामले में आगे की सुनवाई को लेकर स्थिति जटिल हो गई है। इसी बीच सेन ईडी के समक्ष पेश हुए।
ममता बनर्जी का नाम भी जांच में आया
इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का नाम भी सामने आया है। ईडी ने ‘मास आर्ट’ की जांच के संबंध में जारी एक बयान में दावा किया था कि इंद्रनील सेन की संस्था से ममता बनर्जी को 30 लाख रुपये दिए गए थे। एजेंसी के अनुसार, सेन के मंत्री रहने के दौरान उनके और उनकी कंपनी ‘ऑक्टेव रिकॉर्ड्स’ के खातों में कुल 3.8 करोड़ रुपये जमा हुए थे। बाद में कंपनी के खाते से तत्कालीन मुख्यमंत्री के खाते में भी रकम स्थानांतरित किए जाने का दावा किया गया। हालांकि, इंद्रनील सेन ने कहा था कि ममता बनर्जी को दी गई राशि रॉयल्टी के रूप में थी। मामले में लगे आरोपों की जांच जारी है।






0 टिप्पणियां