दुर्गापूजा में बिछड़ों को मिलाएगी ‘बंधु कोलकाता’ की 10 गाड़ियां
लेखक: admin
2 मिनट में पढ़ें

कोलकाता। दुर्गापूजा के दौरान पंडालों और सड़कों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ में बिछड़ने वाले बच्चों और बुजुर्गों की मदद के लिए कोलकाता पुलिस ने विशेष पहल की है। लालबाजार की ओर से ‘बंधु कोलकाता’ की 10 गाड़ियां आज शाम से शहर के विभिन्न इलाकों में गश्त कर रही हैं। इनका मुख्य उद्देश्य बिछड़े बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित ढंग से उनके परिजनों से मिलाना है। पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम चार बजे से शहर के सभी 10 पुलिस डिवीजनों में इन गाड़ियों को तैनात किया गया है। दुर्गापूजा के दौरान भारी भीड़ के कारण कई बार बच्चे अपने अभिभावकों से बिछड़ जाते हैं। वहीं, बुजुर्गों के भी रास्ता भटकने की आशंका रहती है। ऐसी स्थिति में ‘बंधु कोलकाता’ की टीमें उनकी सहायता करेंगी।
गाड़ियों में पुलिसकर्मी और एनजीओ के सदस्य
‘बंधु कोलकाता’ की प्रत्येक गाड़ी में एक सब-इंस्पेक्टर या असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर, एक कांस्टेबल, एक महिला कांस्टेबल और एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) का कर्मचारी तैनात रहेगा। ये टीमें विभिन्न पूजा पंडालों और आसपास के इलाकों में निगरानी करेंगी। बच्चों को सहज महसूस कराने के लिए गाड़ियों को गुब्बारों से सजाया गया है। इनमें चिप्स और चॉकलेट भी रखे गए हैं, जिन्हें बिछड़े बच्चों को दिया जाएगा। पुलिसकर्मी बच्चों के साथ दोस्ताना व्यवहार करेंगे और उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाएंगे।
थाने में बच्चों की देखभाल
भीड़ में बिछड़े बच्चों और बुजुर्गों के मिलने पर पुलिसकर्मी उन्हें संबंधित थाने ले जाएंगे। बच्चों को थाने के चाइल्ड फ्रेंडली रूम में रखा जाएगा, जहां उनकी सुविधाओं और जरूरतों का ध्यान रखा जाएगा। महिला पुलिसकर्मी विशेष रूप से उनकी देखभाल करेंगी, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।
सभी थानों में समन्वय
बिछड़े बच्चों और बुजुर्गों को उनके परिजनों से मिलाने के लिए कोलकाता के सभी थानों के बीच समन्वय रखा जाएगा। यदि कोई अभिभावक बच्चे के लापता होने की शिकायत करता है, तो संबंधित थाने से इसकी जानकारी शहर के अन्य थानों तक पहुंचाई जाएगी। इस तरह उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर बिछड़े लोगों के परिजनों का पता लगाने और उन्हें सुरक्षित वापस पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
देर रात तक गश्त
पुलिस के मुताबिक, ‘बंधु कोलकाता’ की गाड़ियां देर रात से लेकर तड़के तक शहर की सड़कों पर गश्त करेंगी। इस दौरान यदि कोई बच्चा या बुजुर्ग अकेला या भटका हुआ मिलता है, तो टीम उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर परिजनों से मिलाने की प्रक्रिया शुरू करेगी।






0 टिप्पणियां