दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में 49 भारत के, श्रीगंगानगर में AQI 821; दिल्ली-भोपाल में भी हालात गंभीर
लेखक: admin
अपडेट: 2 मिनट में पढ़ें

नई दिल्ली। देशभर में वायु प्रदूषण का खतरा बढ़ता जा रहा है। AQI.in के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार सुबह दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में 49 भारत के थे। राजस्थान का श्रीगंगानगर 821 AQI के साथ दुनिया में पहले स्थान पर रहा, जबकि पाकिस्तान का लाहौर 430 AQI के साथ 14वें स्थान पर था।

दिल्ली-भोपाल में AQI 400 पार
दिवाली के बाद दिल्ली से मध्य प्रदेश तक हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है। दिल्ली के चांदनी चौक में मंगलवार सुबह AQI 400 के पार पहुंच गया। भोपाल, उज्जैन और हरियाणा के बहादुरगढ़ में भी यह 400 से अधिक दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के नोएडा में 332, बुलंदशहर में 331 और गाजियाबाद में 324 AQI रहा।

तमिलनाडु में बारिश, पहाड़ी राज्यों में भी संभावना
तमिलनाडु के थूथुकुडी सहित कई इलाकों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश की संभावना जताई है। आंध्र प्रदेश, केरल और लक्षद्वीप में तेज हवाएं चल सकती हैं।

प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त
दिल्ली-एनसीआर में वाहनों से बढ़ते प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट ने चिंता जताई है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा सरकारों के साथ एमसीडी और दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है।
अदालत ने पूछा है कि निर्धारित उम्र पूरी कर चुकी और प्रदूषण मानकों का उल्लंघन करने वाली गाड़ियों की आवाजाही रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। साथ ही, ऐसी गाड़ियों की पहचान, जांच और पीयूसी प्रमाणपत्र की अनिवार्यता लागू कराने की व्यवस्था का ब्योरा भी मांगा है। पड़ोसी राज्यों से दिल्ली-एनसीआर में आने वाले निजी और व्यावसायिक वाहनों पर लागू नियमों की जानकारी भी तलब की गई है।
गौरतलब है कि AQI 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी में माना जाता है। गंभीर प्रदूषण स्वस्थ लोगों के लिए भी नुकसानदेह हो सकता है।
यह भी पढ़ें- मोदी की तरह सीएम शुभेंदु अधिकारी जवानों के साथ मनाएंगे दिवाली, सुंदरबन के हिंगलगंज जाएंगे






0 टिप्पणियां