Halchal News – Halchal News
ताज़ा खबरें

भूटान में ग्लेशियर झील फटने से भारी तबाही, भारत के बंगाल-असम में बाढ़ का अलर्ट; 10 हजार से अधिक लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए

लेखक: admin

3 मिनट में पढ़ें

भूटान में ग्लेशियर झील फटने से भारी तबाही, भारत के बंगाल-असम में बाढ़ का अलर्ट; 10 हजार से अधिक लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए
फोटो: सोशल मीडिया

थिम्पू/कोलकाता। भूटान में बीती देर रात शिंताफू ग्लेशियर झील फटने से भारी तबाही हुई। झील से निकले पानी के तेज बहाव में मशहूर गर्म पानी का कुंड ‘गासा त्साचु’ पूरी तरह बह गया, जबकि पुनाखा-गासा हाईवे का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क पर मलबा और पेड़ जमा होने के कारण यातायात रोकना पड़ा। हालांकि, अब तक किसी की मौत की खबर नहीं है। झील से निकले पानी के कारण संकोश नदी का जलस्तर बढ़ गया है। यह नदी भूटान से निकलकर पश्चिम बंगाल और असम के सीमावर्ती इलाकों से गुजरती है और आगे ब्रह्मपुत्र नदी में मिल जाती है। इसी को देखते हुए दोनों राज्यों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में प्रशासन ने 10 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया है। गुरुवार रातभर सायरन बजाकर लोगों को सतर्क किया गया और जल्द से जल्द घर छोड़ने की अपील की गई। राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें भी तैनात की गई हैं।

भारत तक पहुंच सकता है झील का पानी

शिंताफू ग्लेशियर झील का पानी नदियों के रास्ते भारत पहुंचने की आशंका है। सबसे पहले यह पानी भूटान की मो छू नदी में आएगा। आगे मो छू और फो छू नदियां मिलकर पुनात्सांगछू नदी बनाती हैं। यह नदी दक्षिण की ओर बहते हुए भारत में प्रवेश करती है, जहां इसे संकोश नदी के नाम से जाना जाता है। संकोश नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी से पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी के साथ असम के कोकराझार और धुबरी जिलों के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो सकता है। आगे चलकर यह नदी ब्रह्मपुत्र में मिल जाती है। इस तरह भूटान की झील का पानी नदियों के रास्ते भारत के मैदानी इलाकों तक पहुंच सकता है।

29 अक्टूबर की शाम झील से निकलने लगा था पानी

भूटान के गासा जिले के लुंगो, लाया गेओग में स्थित शिंताफू तशो झील से 29 अक्टूबर की शाम पानी निकलना शुरू हुआ। यह झील वाकिला पर्वत के नीचे स्थित है और भूटान की 17 संभावित खतरनाक ग्लेशियर झीलों में शामिल है। झील से निकला पानी मो छू नदी के जलग्रहण क्षेत्र की ओर बढ़ा। बाढ़ का पानी रात करीब 8:15 बजे ताकत्सेमाखांग इलाके में पहुंचने की खबर है। तेज बहाव के कारण गासा त्साचू हॉट स्प्रिंग की सुविधाएं पूरी तरह तबाह हो गईं।

सड़कों और सिंचाई व्यवस्था को नुकसान

बाढ़ के पानी से भूटान में कई जगहों पर नुकसान हुआ है। पुनाखा जिले में लगा सोलर सिंचाई लिफ्टिंग सिस्टम क्षतिग्रस्त हो गया और काम करना बंद कर चुका है। शिंगचाला नदी में बाढ़ आने के बाद पानी गांवों में घुस गया। पुनाखा-गासा हाईवे पर पेड़ बहकर आ गए और द्जोमलिंगथांग इलाके में मलबा जमा हो गया। लाया गांव की ओर जाने वाली सड़क का एक हिस्सा भी पानी के तेज बहाव में बह गया, जिसके बाद वहां आवाजाही रोक दी गई। गासा त्साचू के आसपास बने बुनियादी ढांचे और अन्य सुविधाओं को भी नुकसान पहुंचा है।

बंगाल-असम के सीमावर्ती इलाकों में हाई अलर्ट

भूटान से पानी भारत पहुंचने की आशंका को देखते हुए पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार और कूचबिहार के साथ असम के धुबरी और नदी किनारे के अन्य इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सीमावर्ती क्षेत्रों से 10 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर रख रही हैं और लोगों को नदी के किनारे तथा निचले इलाकों से दूर रहने के लिए सतर्क किया जा रहा है।

खबर अच्छी लगी? दूसरों के साथ शेयर करें।

0 टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

अमेरिका का एयर ट्रैफिक सिस्टम फेल, 1980 की तकनीक बनी वजह, एयर ट्रैफिक सिस्टम को लेकर परिवहन मंत्री ने रखी विशेष मांग

भारतीय समय के मुताबिक शनिवार रात करीब 2:24 बजे उड़ानों पर रोक लगी और सुबह करीब 6:45 बजे इसे हटा लिया गया। यानी चार घंटे से ज्यादा समय तक नई…

Manoj Prasad

Microsoft Outage: हॉन्गकॉन्ग के बैंकों में मचा हड़कंप, कर्मचारी ऑफलाइन करने लगे काम; जानिए कितना जरूरी है माइक्रोसॉफ्ट और कैसे ठप हो सकता है पूरा सिस्टम?

South China Morning Post के अनुसार हॉन्गकॉन्ग के वित्तीय केंद्र में कई बैंक कर्मचारियों को ईमेल भेजने और प्राप्त करने में दिक्कत हुई। कुछ…

Badrinath Shaw

हसीना की वापसी के ऐलान से बांग्लादेश में बवाल, 21 जिलों में हिंसा

ढाका: बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी के ऐलान के बाद राजनीतिक तनाव एक बार फिर हिंसा में बदलता नजर आ रहा है।…

admin