Halchal News – Halchal News
ताज़ा खबरें

हसीना की वापसी के ऐलान से बांग्लादेश में बवाल, 21 जिलों में हिंसा

लेखक: admin

3 मिनट में पढ़ें

हसीना की वापसी के ऐलान से बांग्लादेश में बवाल, 21 जिलों में हिंसा
फोटो: AI

ढाका: बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी के ऐलान के बाद राजनीतिक तनाव एक बार फिर हिंसा में बदलता नजर आ रहा है। सोमवार रात से मंगलवार शाम तक देश के कम से कम 21 जिलों में आगजनी और बम धमाकों की घटनाएं सामने आई हैं। उपद्रवियों ने बसों, ट्रकों और ट्रेन के एक कोच को निशाना बनाया। कई सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों के गेट भी बंद कर दिए गए हैं। पुलिस और ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (डीएमपी) के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 11 जिलों में 22 वाहनों को आग के हवाले किया गया, जबकि ढाका समेत सात जिलों में कम से कम 28 स्थानों पर देसी बम धमाकों की घटनाएं हुईं। पुलिस ने इन घटनाओं के पीछे शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के समर्थकों का हाथ होने का संदेह जताया है।

बस में आग से ड्राइवर की मौत

हिंसा की सबसे दुखद घटना फरीदपुर शहर के गोलाचामट इलाके में सामने आई। सोमवार देर रात न्यू बस टर्मिनल पर खड़ी एक बस में तीन बाइक सवारों ने आग लगा दी। बताया गया कि हमलावरों में से एक ने बस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना के समय बस चालक मोहम्मद कलाचन अंदर सो रहे थे। वह किसी तरह बस से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन धुएं के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा चट्टोग्राम के पहाड़तली इलाके में सागरिका और कलूरघाट के पास दो यात्री बसों को आग लगा दी गई। बरगुना के बेतागी में नगर निगम के ट्रक, मानिकगंज बस स्टैंड पर एक बस और नाओगांव में अल बराका परिवहन की दो बसों को भी निशाना बनाया गया। किशोरगंज के बाजितपुर में कॉलेज की बस जला दी गई। ढाका के निकट सावर और धामराई में भी वाहनों में आगजनी की घटनाएं हुईं।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प

मंगलवार सुबह गोपालगंज जिले के टुंगीपाड़ा में भी तनाव बढ़ गया। सुबह करीब 9:30 बजे प्रतिबंधित छात्र लीग के कार्यकर्ताओं ने गोहारडांगा चौरंगी चौराहे पर सामान जलाकर सड़क जाम कर दी। बाद में अवामी लीग और जुबो लीग के कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल हो गए। प्रदर्शनकारियों ने पाटगाती बाजार की ओर जुलूस निकालने के दौरान एक स्थानीय बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) कार्यालय के बाहर लगे बैनर और सजावटी पट्टियों को नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने जब जुलूस को रोकने की कोशिश की तो दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस दौरान कम से कम 10 लोग घायल हुए। टुंगीपाड़ा थाने के प्रभारी अयूब अली ने भी कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की पुष्टि की। प्रदर्शनकारियों पर पुलिस वाहन में तोड़फोड़ कर उसे आग लगाने का भी आरोप है। काशियानी और गोपालगंज शहर के कई इलाकों में सड़क जाम किए जाने की खबरें हैं।

पुलिस ने अवामी लीग समर्थकों पर जताया संदेह

बांग्लादेश पुलिस का दावा है कि हिंसा की इन घटनाओं के पीछे अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं की भूमिका हो सकती है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में कुछ लोगों को पैसे देकर हमले करवाने के संकेत मिले हैं। हालांकि, अवामी लीग ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। पार्टी के प्रवक्ता मोहम्मद अली आराफात ने दावा किया कि विरोधी गुट पार्टी को बदनाम करने के लिए हिंसक घटनाएं करवा रहे हैं और इसका आरोप अवामी लीग पर मढ़ रहे हैं।

2024 में भारत आई थीं शेख हसीना

गौरतलब है कि जून 2024 में बांग्लादेश में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ छात्र आंदोलन शुरू हुआ था। यह आंदोलन धीरे-धीरे व्यापक सरकार विरोधी प्रदर्शन में बदल गया। जुलाई में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पें हुईं। प्रदर्शनकारियों ने तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी। आखिरकार 5 अगस्त 2024 को हजारों प्रदर्शनकारी ढाका स्थित प्रधानमंत्री आवास तक पहुंच गए। इसके बाद शेख हसीना सैन्य विमान से बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। तब से वह भारत में रह रही हैं। अब उनकी बांग्लादेश वापसी के ऐलान के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में हिंसा और आगजनी की घटनाओं ने राजनीतिक अस्थिरता को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।

खबर अच्छी लगी? दूसरों के साथ शेयर करें।

0 टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

अमेरिका का एयर ट्रैफिक सिस्टम फेल, 1980 की तकनीक बनी वजह, एयर ट्रैफिक सिस्टम को लेकर परिवहन मंत्री ने रखी विशेष मांग

भारतीय समय के मुताबिक शनिवार रात करीब 2:24 बजे उड़ानों पर रोक लगी और सुबह करीब 6:45 बजे इसे हटा लिया गया। यानी चार घंटे से ज्यादा समय तक नई…

Manoj Prasad

Microsoft Outage: हॉन्गकॉन्ग के बैंकों में मचा हड़कंप, कर्मचारी ऑफलाइन करने लगे काम; जानिए कितना जरूरी है माइक्रोसॉफ्ट और कैसे ठप हो सकता है पूरा सिस्टम?

South China Morning Post के अनुसार हॉन्गकॉन्ग के वित्तीय केंद्र में कई बैंक कर्मचारियों को ईमेल भेजने और प्राप्त करने में दिक्कत हुई। कुछ…

Badrinath Shaw

मध्यावधि चुनाव में हार के बाद ट्रंप प्रशासन में बड़ा बदलाव, स्टीफन मिलर होंगे नए चीफ ऑफ स्टाफ

सुसी वाइल्स को सौंपी जाएगी राजनीतिक गतिविधियों की जिम्मेदारी; 9 नवंबर से पदभार संभालेंगे मिलर, ट्रंप के बेहद भरोसेमंद सलाहकारों में हैं…

Manoj Prasad