Halchal News – Halchal News
ताज़ा खबरें

बांग्लादेश में हिंसा का तांडव, चटगांव में मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर को आग के हवाले किया

लेखक: Manoj Prasad

4 मिनट में पढ़ें

बांग्लादेश में हिंसा का तांडव, चटगांव में मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर को आग के हवाले किया
फोटो: social media

ढाका | बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव एक बार फिर हिंसक रूप लेता नजर आ रहा है। अवामी लीग के देशव्यापी लॉकडाउन के आह्वान के बीच देश के कई हिस्सों में बम धमाके, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर को भी आग के हवाले कर दिया गया। वहीं, राजधानी ढाका में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस ने बड़े पैमाने पर गिरफ्तारी अभियान चलाया है।

अवामी लीग के लॉकडाउन के बीच कई जगह हिंसा, ग्रामीण बैंक की शाखाओं पर भी हमले

गुरुवार तड़के ढाका के कई इलाकों में कच्चे बम धमाकों की खबर सामने आई। इसके अलावा चटगांव के पंचलाइश इलाके में अज्ञात हमलावरों ने मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लगा दी। देश के विभिन्न हिस्सों में आगजनी और हिंसा की घटनाओं में कम से कम चार लोगों के घायल होने की खबर है। यह हिंसा प्रतिबंधित अवामी लीग की ओर से गुरुवार को बुलाए गए देशव्यापी लॉकडाउन के बीच हुई। पार्टी का नेतृत्व पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना करती हैं। लॉकडाउन का आह्वान हसीना को पिछले साल एक विशेष न्यायाधिकरण द्वारा सुनाई गई मौत की सजा की बरसी के मौके पर किया गया था। मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर पर हमले से पहले सिलहट, राजशाही, बरिशाल और फरीदपुर में ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं पर आधी रात या तड़के हमले और आगजनी की घटनाएं हुईं।

ढाका में सुरक्षा कड़ी, 565 गिरफ्तार; BNP और अवामी लीग समर्थकों में झड़प

राजधानी ढाका में बम धमाकों और आगजनी की घटनाओं के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। प्रमुख फ्लाईओवरों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर वाहनों की जांच की जा रही है, जबकि संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों और वाहन चालकों से पूछताछ की जा रही है। BDnews24 की रिपोर्ट के मुताबिक, लॉकडाउन से पहले ढाका में 24 घंटे के अभियान के दौरान पुलिस ने 565 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री रह चुके नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। उन्हें बुधवार आधी रात उनके आवास से हिरासत में लिया गया। दूसरी ओर, सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और अवामी लीग के समर्थकों के बीच भी हिंसक झड़पें हुईं। पुलिस के अनुसार, पश्चिमी नाराइल जिले में BNP के सड़क मार्च के दौरान अवामी लीग कार्यकर्ताओं के हमले में स्थानीय सत्तारूढ़ दल के दो नेताओं की मौत हो गई। मंगलवार और बुधवार की रात फरीदपुर और पिरोजपुर में हुई हिंसा में BNP के एक स्थानीय नेता और एक परिवहन कर्मचारी की भी जान चली गई। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, कम से कम दो BNP कार्यालयों और एक पार्टी नेता के घर को आग लगाई गई। वहीं, पिछले दो दिनों में अवामी लीग के कम से कम दो पार्टी कार्यालयों और नेताओं से जुड़ी पांच संपत्तियों को भी आग के हवाले किया गया। देश के 64 में से 28 जिलों में कच्चे बम विस्फोट और वाहनों को जलाने की घटनाएं सामने आई हैं।

तारीक रहमान की लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने की अपील

प्रधानमंत्री तारीक रहमान ने अवामी लीग की संभावित वापसी को रोकने के लिए लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने की अपील की है। उन्होंने अवामी लीग को आतंकवादी संगठन और पराजित फासीवादी ताकत बताते हुए उसके निर्णायक राजनीतिक अंत का आह्वान किया। संसद में रहमान ने कहा कि 2024 की तरह एक बार फिर एकजुट होकर उन ताकतों को निर्णायक रूप से हराना होगा, जिन्होंने देश में निरंकुश शासन चलाया।

भारत में रह रही हैं शेख हसीना, बांग्लादेश सरकार कर रही प्रत्यर्पण की मांग

शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद अपनी सरकार गिरने के पश्चात बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। वह फिलहाल भारत में रह रही हैं। बांग्लादेश सरकार भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है। हसीना को पिछले साल एक विशेष न्यायाधिकरण ने मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोप में उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई थी। रिपोर्टों के अनुसार, हसीना ने इस साल जुलाई में दिसंबर में स्वेच्छा से बांग्लादेश लौटने की योजना का ऐलान किया था। उन्होंने हाल ही में दोबारा कहा कि वह किसी भी कीमत पर दिसंबर में स्वदेश लौटेंगी। उनके इस बयान के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है। देश के कई हिस्सों में जारी हिंसा के बीच प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी चुनौती है।

खबर अच्छी लगी? दूसरों के साथ शेयर करें।

0 टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

अमेरिका का एयर ट्रैफिक सिस्टम फेल, 1980 की तकनीक बनी वजह, एयर ट्रैफिक सिस्टम को लेकर परिवहन मंत्री ने रखी विशेष मांग

भारतीय समय के मुताबिक शनिवार रात करीब 2:24 बजे उड़ानों पर रोक लगी और सुबह करीब 6:45 बजे इसे हटा लिया गया। यानी चार घंटे से ज्यादा समय तक नई…

Manoj Prasad

Microsoft Outage: हॉन्गकॉन्ग के बैंकों में मचा हड़कंप, कर्मचारी ऑफलाइन करने लगे काम; जानिए कितना जरूरी है माइक्रोसॉफ्ट और कैसे ठप हो सकता है पूरा सिस्टम?

South China Morning Post के अनुसार हॉन्गकॉन्ग के वित्तीय केंद्र में कई बैंक कर्मचारियों को ईमेल भेजने और प्राप्त करने में दिक्कत हुई। कुछ…

Badrinath Shaw

हसीना की वापसी के ऐलान से बांग्लादेश में बवाल, 21 जिलों में हिंसा

ढाका: बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी के ऐलान के बाद राजनीतिक तनाव एक बार फिर हिंसा में बदलता नजर आ रहा है।…

admin