Halchal News – Halchal News
ताज़ा खबरें

बांग्लादेश में 1,500 नए दुर्गापूजा मंडप, 33,851 जगहों पर आयोजन,3 दिन की छुट्टी से खुशी, सुरक्षा पर चिंता

लेखक: admin

4 मिनट में पढ़ें

बांग्लादेश में 1,500 नए दुर्गापूजा मंडप, 33,851 जगहों पर आयोजन,3 दिन की छुट्टी से खुशी, सुरक्षा पर चिंता
फोटो: Google

ढाका। बांग्लादेश में इस साल दुर्गापूजा का आयोजन पिछले वर्ष की तुलना में बड़े पैमाने पर हो रहा है। देशभर में इस बार दुर्गापूजा के मंडपों की संख्या बढ़कर 33,851 हो गई है, जबकि पिछले साल 32,351 मंडपों में पूजा हुई थी। यानी इस साल 1,500 अधिक मंडपों में दुर्गोत्सव मनाया जाएगा। बांग्लादेश पूजा उद्यापन परिषद और ढाका महानगर पूजा उद्यापन परिषद ने संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। हालांकि, पूजा की तैयारियों के बीच कई स्थानों पर मंडपों और प्रतिमाओं में तोड़फोड़ तथा मंदिरों पर हमले की शिकायतों से हिंदू समुदाय में नाराजगी भी है। दूसरी ओर, दुर्गापूजा के अवसर पर सरकार की ओर से तीन दिन की छुट्टी घोषित किए जाने से पूजा आयोजकों ने खुशी जताई है। देश में पूजा की सुरक्षा को लेकर दो प्रमुख संगठनों के विचार अलग-अलग सामने आए हैं।

ढाका में तीन मंडप कम

देशभर में पूजा मंडपों की संख्या बढ़ने के बावजूद राजधानी ढाका में इस बार तीन मंडप कम हो गए हैं। पिछले साल राजधानी में 261 मंडपों में दुर्गापूजा हुई थी, जबकि इस बार 258 मंडपों में आयोजन होगा। दुर्गोत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सरकार ने सुरक्षा के कई इंतजाम किए हैं। पूजा मंडपों पर पुलिस सहित सरकारी सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है। साथ ही, पूजा समितियों को भी अपनी ओर से आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने को कहा गया है। पिछले कुछ वर्षों से बांग्लादेश में सार्वजनिक दुर्गापूजा आयोजित करने वाली समितियां निजी सुरक्षा कर्मियों की भी तैनाती करती रही हैं।

कई जगहों पर हमले और प्रतिमा तोड़ने की शिकायत

बांग्लादेश पूजा उदযापन परिषद ने आरोप लगाया है कि दुर्गापूजा की तैयारियों के दौरान कई स्थानों पर पूजा मंडपों और प्रतिमाओं को निशाना बनाया गया। संगठन के अनुसार, सिलहट, राजबाड़ी, पंचगढ़, नेतृकोना और टांगाइल में प्रतिमाओं तथा मंदिरों पर हमले की घटनाएं सामने आई हैं। फरीदपुर के एक ऐतिहासिक काली मंदिर में चोरी होने की भी शिकायत की गई है। इसके अलावा सुनामगंज में मंदिर पर हमले और लूटपाट की घटना का आरोप लगाया गया है। हालांकि, पूजा आयोजकों का कहना है कि इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की।

तीन दिन की छुट्टी पर पूजा परिषद ने जताया आभार

इस साल दुर्गापूजा के अवसर पर बांग्लादेश में तीन दिन की सरकारी छुट्टी घोषित की गई है। पूजा उद्यापन परिषद ने इसके लिए प्रधानमंत्री तारिक रहमान का आभार जताया है। संगठन ने उम्मीद व्यक्त की है कि आने वाले वर्षों में भी दुर्गापूजा के अवसर पर तीन दिन की छुट्टी जारी रहेगी। परिषद के नेताओं ने प्रधानमंत्री के उस बयान की भी सराहना की, जिसमें उन्होंने कहा था कि धर्म व्यक्ति का अपना है, लेकिन राज्य सभी का है और प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा पाने का अधिकार है। पूजा परिषद ने यह अपेक्षा भी जताई कि सरकारी कार्यक्रमों में विभिन्न धर्मों के धार्मिक ग्रंथों के पाठ की परंपरा जारी रहेगी। संगठन के सदस्यों ने इस दिशा में सरकार की ओर से उठाए गए सकारात्मक कदमों की प्रशंसा की है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दूसरे संगठन ने जताई चिंता

वहीं, बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद ने देशभर में दुर्गापूजा के दौरान की जा रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की है। संगठन ने कहा कि पुलिस, ड्रोन और राजनीतिक दलों के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं की निगरानी में हिंदू समुदाय को दुर्गापूजा आयोजित करनी पड़ रही है, जो दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। संगठन के मुताबिक, ऐसी स्थिति अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों की धार्मिक स्वतंत्रता को सीमित करती है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बांग्लादेश की छवि पर भी सवाल खड़े करती है। परिषद ने दुर्गापूजा से पहले जारी अपने बयान में आरोप लगाया कि त्योहार नजदीक आने के साथ सांप्रदायिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ रही हैं।

तीन महीने में हिंसा की कई घटनाओं का दावा

बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद ने जुलाई से सितंबर के बीच की घटनाओं का हवाला देते हुए दावा किया कि इस अवधि में हत्या की 16 घटनाएं हुईं। इसके अलावा दुष्कर्म या यौन उत्पीड़न की चार घटनाएं, मंदिरों पर हमले और लूटपाट, जमीन पर कब्जे तथा प्रतिमाओं को तोड़ने की कुल 36 घटनाएं सामने आईं। संगठन ने यह भी दावा किया कि कथित धार्मिक भावनाओं के अपमान के आरोप में छह लोगों को हिरासत में लिया गया और आदिवासी समुदायों पर हमले की सात घटनाएं हुईं। इस तरह, बांग्लादेश में इस साल दुर्गापूजा के आयोजनों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि और तीन दिन की सरकारी छुट्टी को लेकर उत्साह है, लेकिन मंदिरों तथा प्रतिमाओं पर हमलों के आरोपों और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों ने त्योहार से पहले चिंता का माहौल भी पैदा किया है।

खबर अच्छी लगी? दूसरों के साथ शेयर करें।

0 टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

‘तुम आतंकवादी हो’- अमेरिका में नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद युनूस को होना पड़ा बेईज़्ज़त!

हज़ारों बेगुनाह लोगों के मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए बांग्लादेशी प्रवासियों ने मोहम्मद यूनुस का जमकर किया विरोध , वीडियो वायरल

admin

अमेरिका का एयर ट्रैफिक सिस्टम फेल, 1980 की तकनीक बनी वजह, एयर ट्रैफिक सिस्टम को लेकर परिवहन मंत्री ने रखी विशेष मांग

भारतीय समय के मुताबिक शनिवार रात करीब 2:24 बजे उड़ानों पर रोक लगी और सुबह करीब 6:45 बजे इसे हटा लिया गया। यानी चार घंटे से ज्यादा समय तक नई…

Manoj Prasad

Microsoft Outage: हॉन्गकॉन्ग के बैंकों में मचा हड़कंप, कर्मचारी ऑफलाइन करने लगे काम; जानिए कितना जरूरी है माइक्रोसॉफ्ट और कैसे ठप हो सकता है पूरा सिस्टम?

South China Morning Post के अनुसार हॉन्गकॉन्ग के वित्तीय केंद्र में कई बैंक कर्मचारियों को ईमेल भेजने और प्राप्त करने में दिक्कत हुई। कुछ…

Badrinath Shaw

हसीना की वापसी के ऐलान से बांग्लादेश में बवाल, 21 जिलों में हिंसा

ढाका: बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी के ऐलान के बाद राजनीतिक तनाव एक बार फिर हिंसा में बदलता नजर आ रहा है।…

admin