विधानसभा के शौचालय में कर्मचारी का शव मिलने से हड़कंप
15 वर्षों से कैंटीन में काम कर रहे थे 62 वर्षीय उमेशचंद्र दास, पुलिस को हृदयाघात की आशंका, शौचालय का दरवाजा तोड़कर निकाला गया शव
लेखक: admin
1 मिनट में पढ़ें

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां के शौचालय से एक कर्मचारी का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान 62 वर्षीय उमेशचंद्र दास के रूप में हुई है। वह विधानसभा की कैंटीन चलाने वाली एक ठेका कंपनी के लिए काम करते थे। पिछले 15 वर्षों से कैंटीन में कार्यरत उमेश का घर तिलजला में था, लेकिन वह विधानसभा की कैंटीन में ही रहते और रात में वहीं सोते थे। सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह शौचालय गए थे। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर अन्य कर्मचारी वहां पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया। अंदर उमेशचंद्र का शव बाथरूम के फर्श पर पड़ा मिला। लालबाजार की होमिसाइड शाखा ने शुरू की जांच की है।
हेयर स्ट्रीट थाने में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज
घटना की सूचना विधानसभा के सचिव और मार्शल को दी गई। इसके बाद हेयर स्ट्रीट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मार्शल देवव्रत मुखोपाध्याय ने विधानसभा अध्यक्ष रथींद्रनाथ बोस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हृदयाघात के कारण उमेशचंद्र की मौत होने की आशंका जताई गई है। उनके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। जरूरत पड़ने पर फॉरेंसिक जांच भी कराई जाएगी। फिलहाल जिस शौचालय से शव बरामद हुआ, उसे और आसपास के इलाके को घेरकर रखा गया है। विधानसभा में फिलहाल कोई सत्र नहीं चल रहा है, इसलिए वहां लोगों की आवाजाही भी कम थी।





0 टिप्पणियां