वाराणसी में गंगा के ऊपर वायुसेना का दमदार एयर शो, आसमान में तिरंगा बनाकर विमानों ने दिखाया शौर्य
लेखक: admin
2 मिनट में पढ़ें

वाराणसी। काशी के नमो घाट पर गुरुवार को भारतीय वायुसेना के ऐतिहासिक एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ का आयोजन किया गया। गंगा के ऊपर युद्धक विमानों की गर्जना और हैरतअंगेज हवाई करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। विमानों ने आसमान में तिरंगे के रंग बिखेरे तो घाटों पर मौजूद लोगों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। नमो घाट के साथ राजघाट और आसपास के गंगा घाटों पर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग एयर शो देखने पहुंचे। एयर शो के दौरान देशभक्ति गीतों ने माहौल को उत्साह और गर्व से भर दिया। महानायक अमिताभ बच्चन की आवाज के साथ कथक नृत्यांगनाओं ने देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुति दी। गंगा की लहरों पर पड़ती सूर्य की किरणों के बीच वायुसेना के विमानों की कलाबाजियों ने आयोजन को और भव्य बना दिया।
सुखोई और राफेल के करतबों ने जीता दिल
प्रदर्शन के दौरान सुखोई विमानों ने शानदार हवाई करतब दिखाकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इससे पहले सूर्य किरण टीम के तीन विमानों ने ‘वी’ आकार में उड़ान भरते हुए विजय का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। विमानों ने अलग-अलग फॉर्मेशन बनाकर काशी के आसमान को रोमांचक नजारा दिया। राफेल विमानों ने भी अपनी गति, फुर्ती और सटीक नियंत्रण का प्रदर्शन किया। तेजी से दिशा बदलने और अलग-अलग कोणों से उड़ान भरने जैसे करतबों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने शानदार उड़ान कौशल दिखाते हुए आसमान में तिरंगे की छटा बिखेरी।
हेलीकॉप्टर से उतरे कमांडो, दिखाया कौशल
एयर शो में हेलीकॉप्टर से गंगा में मौजूद जलयान पर रस्सियों के सहारे कमांडो के उतरने का प्रदर्शन भी किया गया। जवानों ने जलयान पर उतरकर अपनी पोजीशन संभाली तो दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। भारतीय वायुसेना और थलसेना के तीन एएलएच मार्क-III हेलीकॉप्टरों ने भी फॉर्मेशन के जरिए रस्सियों के सहारे जवानों के उतरने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
पौराणिक थीम पर आधारित है एयर शो
इस एयर शो की खासियत इसकी पौराणिक थीम है। विमानों के विभिन्न फॉर्मेशन काशी और भारतीय परंपरा से जुड़े नामों पर आधारित रखे गए हैं। भारतीय वायुसेना के 94 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह प्रदर्शन उसकी हवाई क्षमता और कौशल को प्रदर्शित करने के साथ युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
मालवीय पुल बंद, कई मार्गों पर बढ़ा यातायात
एयर शो के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। मालवीय पुल पर सुबह नौ बजे से आवागमन रोक दिया गया, जिससे शहर के दूसरे मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ा। अगले दो दिनों तक होने वाले एयर शो के दौरान भी यातायात व्यवस्था में बदलाव लागू रहने की संभावना है।






0 टिप्पणियां