राजस्थान पंचायत चुनाव: दोपहर 1 बजे तक बीकानेर में सबसे ज्यादा 39.47% मतदान
16 जिला परिषदों और 104 पंचायत समितियों के लिए वोटिंग जारी, 85 लाख से अधिक मतदाता करेंगे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला
लेखक: admin
2 मिनट में पढ़ें

जयपुर। राजस्थान में पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत गुरुवार को 16 जिला परिषदों और 104 पंचायत समितियों के लिए मतदान जारी है। सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। दोपहर 1 बजे तक बीकानेर में सबसे अधिक 39.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि फलोदी में सबसे कम 25.84 प्रतिशत वोट पड़े। पहले चरण में 85.07 लाख मतदाता 2,081 सदस्यों के चुनाव के लिए मैदान में उतरे 6,926 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। मतगणना के बाद चुनाव परिणाम 20 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। राजस्थान में पंचायत चुनाव चार चरणों में कराए जा रहे हैं।
दोपहर 1 बजे तक जिलेवार मतदान प्रतिशत
दोपहर 1 बजे तक बाड़मेर में 36.07 प्रतिशत, अलवर में 35.60, जोधपुर में 35.46, जयपुर में 35.09, उदयपुर में 34.94, नागौर में 33.31, कोटा में 32.69, अजमेर में 31.50, सिरोही में 30.83, पाली में 29.59, भीलवाड़ा में 29.27, राजसमंद में 28.27 और डूंगरपुर में 28.22 प्रतिशत मतदान हुआ। झालावाड़ में 37.05 प्रतिशत वोट पड़े, जबकि फलोदी में मतदान का आंकड़ा 25.84 प्रतिशत रहा। बीकानेर 39.47 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे रहा।
उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने परिवार के साथ किया मतदान
राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने जयपुर जिले की मौजमाबाद पंचायत समिति के श्रीनिवासपुरा गांव में अपनी पत्नी नारायणी देवी, बेटे चिन्मय कुमार और बेटी पूजा के साथ मतदान किया। गांव के बूथ संख्या 92 को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया था, जहां मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं और रंगोली से सजावट की गई।
मतदाताओं से मतदान की अपील
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मतदाताओं से पंचायत चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मतदाता अपने वोट की ताकत से गांवों के विकास, जनहित और लोकतंत्र को मजबूत करें। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील भी की।






0 टिप्पणियां