नोटों की दीवार बनाकर की लक्ष्मी पूजा, नागौर के सुभाष की तस्वीर वायरल; नकदी जमा होने की बताई वजह
लेखक: Manoj Prasad
1 मिनट में पढ़ें

जयपुर। राजस्थान के नागौर में दीपावली पर लक्ष्मी पूजा का एक अनोखा नजारा सामने आया है। यहां शराब कारोबारी सुभाष ने अपने घर में नोटों की दीवार सजाकर लक्ष्मी पूजन किया। उनकी यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। वायरल तस्वीर में सुभाष एक टेबल पर बड़ी मात्रा में नकदी सजाकर उसके सामने हाथ जोड़कर पूजा करते नजर आ रहे हैं। नोटों को इस तरह सजाया गया है कि वहां नोटों की दीवार जैसी आकृति दिखाई दे रही है। तस्वीर में उनके साथ दो बच्चे भी बैठे नजर आ रहे हैं।
तस्वीर वायरल होने के बाद सुभाष ने खुद सामने आकर इतनी नकदी जमा होने की वजह बताई। उन्होंने बताया कि नागौर में उनके शराब के ठेके और पेट्रोल पंप हैं। दो दिनों तक बैंक बंद रहने के कारण उनके पास काफी नकदी जमा हो गई थी। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में दीपावली पर घर में रखी नकदी की पूजा करने की परंपरा है। इसी परंपरा के तहत उन्होंने लक्ष्मी पूजन किया और सामान्य तौर पर यह तस्वीर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर दी।
सुभाष की इस तस्वीर ने सोशल मीडिया पर लोगों का खूब ध्यान खींचा है। इससे पहले मध्य प्रदेश के देवास में भी एक लक्ष्मी मंदिर को करीब 5 करोड़ रुपये के नोटों से सजाने का वीडियो सामने आया था। अब नागौर में नोटों की दीवार बनाकर की गई लक्ष्मी पूजा भी चर्चा का विषय बनी हुई है।






0 टिप्पणियां