पाम एवेन्यू की बस्ती में भीषण आग, दमकल की 14 गाड़ियों ने किया काबू में
लेखक: admin
1 मिनट में पढ़ें

कोलकाता के पाम एवेन्यू स्थित एक बस्ती में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से इलाके में दहशत फैल गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में आसपास का पूरा इलाका काले धुएं से ढक गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की 14 गाड़ियों की घंटों की मशक्कत के बाद सुबह पौने छह बजे आग पर काबू पाया जा सका।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस्ती के भीतर एक गोदाम है। गुरुवार तड़के सबसे पहले इसी गोदाम में आग लगी, जिसने देखते ही देखते आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घनी आबादी वाला इलाका होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गोदाम के आसपास स्थित कई घर जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।
आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों ने शुरुआत में खुद ही आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि, आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल विभाग को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल पर सिलेंडर विस्फोट जैसी तेज आवाजें भी सुनाई दीं।
सूचना मिलने पर दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर सबसे पहले बस्ती के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। इसके बाद आग बुझाने का काम शुरू किया गया। दमकल विभाग की 14 गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका और सुबह पौने छह बजे तक उस पर नियंत्रण पा लिया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना की जांच की जा रही है।





0 टिप्पणियां