Halchal News – Halchal News
ताज़ा खबरें

हरिणघाटा में लगेगा कैंपा कोला का प्लांट, दिसंबर के पहले सप्ताह में होगा भूमि पूजन, रोजगार के खुलेंगे नए अवसर

लेखक: Manoj Prasad

2 मिनट में पढ़ें

हरिणघाटा में लगेगा कैंपा कोला का प्लांट, दिसंबर के पहले सप्ताह में होगा भूमि पूजन, रोजगार के खुलेंगे नए अवसर
फोटो: social media

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। रिलायंस समूह नदिया जिले के हरिणघाटा में कैंपा कोला का प्लांट स्थापित करने जा रहा है। दिसंबर के पहले सप्ताह में इस परियोजना का भूमि पूजन होगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को स्वयं इसकी घोषणा की।
पोस्ता मर्चेंट्स एसोसिएशन के पूजा समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री ने राज्य में हो रहे औद्योगिक निवेश का जिक्र करते हुए कहा, “अडानी आरोग्य मंदिर बनाया गया है। दिसंबर की शुरुआत में कैंपा कोला आ रहा है। जनवरी में जिंदल परियोजना का भूमि पूजन होगा। उद्योगपति निवेश करेंगे। छोटे-छोटे कारोबारियों का भी ध्यान रखना होगा।”

दरअसल, राज्य में सत्ता परिवर्तन के प्रमुख कारणों में औद्योगिक पिछड़ापन और रोजगार के अवसरों की कमी भी शामिल रहे हैं। भाजपा ने बंगाल का खोया औद्योगिक गौरव वापस लौटाने का वादा किया था। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार निवेश आकर्षित करने की कोशिश कर रही है। इससे पहले लक्स कोजी के नए कारखाने और अमूल की फैक्टरी स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पूर्व मेदिनीपुर के दादनपात्रबाड़ में गहरे समुद्र का बंदरगाह बनाने की योजना भी है। राज्य में निवेश लाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री मुकेश अंबानी और गौतम अडानी जैसे बड़े उद्योगपतियों के साथ बैठकें कर चुके हैं। न्यू टाउन में अडानी समूह की ओर से अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। अब हरिणघाटा में कैंपा कोला का प्लांट स्थापित करने की घोषणा को राज्य में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

इस परियोजना से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। प्लांट में प्रत्यक्ष रोजगार के अलावा इसके आसपास परिवहन, आपूर्ति और अन्य छोटे कारोबारों के भी विकसित होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।

खबर अच्छी लगी? दूसरों के साथ शेयर करें।

0 टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें