Halchal News – Halchal News
ताज़ा खबरें

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने लगाए ‘छठी मैया की जय’ का जयकारा, बोले – ‘पिछली सरकार पूजा में भी करती थी भेदभाव

लेखक: Manoj Prasad

2 मिनट में पढ़ें

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने लगाए ‘छठी मैया की जय’ का जयकारा, बोले – ‘पिछली सरकार पूजा में भी करती थी भेदभाव
फोटो: AI

कोलकाता: मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को हावड़ा के काजीपाड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पूर्ववर्ती वामपंथी और तृणमूल सरकारों पर जमकर निशाना साधा। छठ पूजा से पहले आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने ‘छठी मैया की जय’ के नारे लगाए और आरोप लगाया कि पिछली सरकारें पूजा-पर्वों के नाम पर भी लोगों के बीच भेदभाव करती थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल में 34 वर्षों तक वामपंथियों और 15 वर्षों तक तृणमूल कांग्रेस ने शासन किया। इस दौरान भाषा के नाम पर सनातनियों के बीच विभाजन पैदा करने की कोशिश की गई। उन्होंने वामपंथियों पर नास्तिकता को बढ़ावा देने और तृणमूल कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “पिछली सरकार का एकमात्र काम भाषा के नाम पर सनातनियों के बीच विभाजन पैदा करना था। बिहार, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के लोगों को बाहरी बताया जाता था, जबकि बांग्लादेश से आने वाले घुसपैठियों का स्वागत किया जाता था।”
उन्होंने सवाल उठाया कि तृणमूल कांग्रेस के नेता कभी मुसलमानों के बीच उर्दू भाषी और बंगाली भाषी होने के आधार पर भेदभाव नहीं करते, लेकिन भाजपा को बाहरी लोगों की पार्टी बताकर निशाना बनाते रहे।

मुख्यमंत्री ने तृणमूल सरकार पर आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में बंगाल की परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष के दौरान विरोध किया जाता था और रामनवमी की शोभायात्राओं पर पत्थर फेंके जाते थे। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पिछली सरकारें छठ पूजा को बिहार और रामनवमी को उत्तर प्रदेश से जोड़कर देखती थीं। उनके मुताबिक, आज दुनिया भर के सनातनी एक साथ सभी पर्व और त्योहार मना रहे हैं। उन्होंने कहा, “सनातनी दुर्गा पूजा भी करते हैं, जगद्धात्री पूजा भी करते हैं, रामनवमी भी मनाते हैं और छठ पूजा भी करते हैं।”

उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भाजपा को बाहरी लोगों की पार्टी बताकर राजनीतिक रूप से घेरने की कोशिश की गई थी। लेकिन अब विभाजन की राजनीति करने वालों को जनता ने जवाब दे दिया है। उन्होंने दावा किया कि नंदीग्राम और रेजीनगर के चुनाव परिणामों से यह स्पष्ट हो गया है कि अल्पसंख्यक समुदाय के लोग भी सरकार के साथ हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल में कट्टरपंथ और आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है।

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए दावा किया कि हजारों करोड़ रुपये राज्य से बाहर भेजे गए। उन्होंने कहा, “किसी को नहीं छोड़ूंगा। सभी को जेल में डालूंगा। अभी तो सिर्फ छह महीने हुए हैं, आगे बहुत कुछ देखना बाकी है।” उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा, “कम्युनिस्टों और जमातियों को खत्म कर दूंगा। किसी को भी सिर उठाकर खड़ा नहीं होने दूंगा।” गौरतलब है कि अपने भाषण के समापन से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने तीन बार ‘छठी मैया की जय’ का उद्घोष किया। छठ पूजा से पहले हावड़ा में दिए गए उनके इस भाषण में धार्मिक-सांस्कृतिक मुद्दों के साथ-साथ राज्य की पिछली सरकारों के खिलाफ राजनीतिक आरोप भी प्रमुखता से सामने आए।

खबर अच्छी लगी? दूसरों के साथ शेयर करें।

0 टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

महेन्द्र सिंह धोनी: एक ऐसा नाम, जिसे क्रिकेट के पन्नों में हमेशा सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा

क्रिकेट की दुनिया में कई खिलाड़ी आए और गए, कई खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से इतिहास रचा, लेकिन कुछ नाम ऐसे होते हैं जो सिर्फ अपने…

Badrinath Shaw

IPL से एमएस धोनी का संन्यास, अब CSK के मेंटॉर की संभालेंगे जिम्मेदारी; फ्रेंचाइजी ने किया बड़ा ऐलान

19 साल का सफर खत्म, अब मैदान के बाहर से तैयार करेंगे चेन्नई सुपर किंग्स की नई पीढ़ी; पांच IPL खिताब जिताने वाले कप्तान की टीम में नई पारी

admin

आंध्र प्रदेश में ONGC के गैस कुएं में बड़ा रिसाव, 800 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

अमरावती। आंध्र प्रदेश के डॉ. बीआर अंबेडकर कोनसीमा जिले में मंगलवार सुबह ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ONGC) के एक गैस कुएं में बड़ा रिसाव…

Manoj Prasad

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात ‘अक्वान’ का खतरा, 130 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल में 20 नवंबर, झारखंड में 20-21 नवंबर और ओडिशा में 19-22 नवंबर के बीच बारिश हो सकती है। इसके अलावा छत्तीसगढ़,…

admin