चोरबागान भगदड़: अप्रशिक्षित निजी सुरक्षाकर्मियों के भरोसे थी भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी, एसआईटी की जांच में बड़ा खुलासा
लेखक: Manoj Prasad
2 मिनट में पढ़ें

कोलकाता। चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में मची भगदड़ में 19 लोगों की मौत के मामले की जांच में कई गंभीर लापरवाहियां सामने आई हैं। लालबाजार में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने अब तक करीब 60 निजी सुरक्षाकर्मियों और 40 पुलिसकर्मियों व अधिकारियों से पूछताछ की है। जांच में पता चला है कि पंडाल में भीड़ संभालने की जिम्मेदारी जिन निजी सुरक्षाकर्मियों को सौंपी गई थी, उनमें से अधिकांश अप्रशिक्षित थे।
जांचकर्ताओं के अनुसार, पूजा आयोजकों ने दो लोगों के माध्यम से करीब 60 निजी सुरक्षाकर्मियों को नियुक्त किया था। ये दोनों एक सुरक्षा एजेंसी चलाते हैं। गिरिश पार्क, जोड़ासांको और आसपास के इलाकों से इन लोगों को काम पर रखा गया था। इनमें से अधिकांश अलग-अलग पेशों से जुड़े थे। उन्हें भीड़ प्रबंधन का कोई विशेष प्रशिक्षण नहीं मिला था और न ही दुर्गापूजा जैसे बड़े आयोजनों में भीड़ नियंत्रित करने का अनुभव था।
निजी सुरक्षाकर्मियों को पंडाल के भीतर तैनात रहने, कतार को आगे बढ़ाने, श्रद्धालुओं को तस्वीरें और सेल्फी लेने से रोकने तथा दर्शन के बाद लोगों को जल्द बाहर निकालने की जिम्मेदारी दी गई थी। हालांकि, उन्हें यह नहीं बताया गया था कि यदि कोई श्रद्धालु बाहर जाने से इनकार करे या भीड़ के दबाव के कारण स्थिति बिगड़ने लगे तो उन्हें क्या करना चाहिए।
एसआईटी की जांच में यह भी सामने आया है कि पंडाल के निकास द्वार और लोहे के गेट के बीच करीब 20 फीट का हिस्सा था, जहां न तो पुलिसकर्मी तैनात थे और न ही निजी सुरक्षाकर्मी। जांचकर्ताओं के मुताबिक, यह स्थान भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण था।
बताया जा रहा है कि हादसे से पहले बारिश के कारण कई श्रद्धालु पंडाल से बाहर निकलना नहीं चाहते थे। इसी दौरान प्रवेश द्वार से लगातार लोगों के अंदर आने के कारण भीड़ का दबाव बढ़ता गया। निकास और प्रवेश के बीच उचित समन्वय तथा निगरानी की कमी से स्थिति और गंभीर हो गई।
एसआईटी अब इस बात की जांच कर रही है कि सुरक्षा व्यवस्था में हुई इन चूकों और अप्रशिक्षित सुरक्षाकर्मियों की तैनाती ने भगदड़ की स्थिति पैदा करने में किस हद तक भूमिका निभाई।





0 टिप्पणियां