चक्रवात ‘अर्णब’ का आंध्र प्रदेश तट पर लैंडफॉल शुरू, बंगाल के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
लेखक: admin
4 मिनट में पढ़ें

कोलकात। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ ने आंध्र प्रदेश के तट पर लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू कर दी है। तूफान का असर पश्चिम बंगाल में भी दिखाई दे रहा है। दक्षिण बंगाल के कई जिलों में रात से बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। मौसम विभाग ने बुधवार को दक्षिण बंगाल के सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के बुलेटिन के अनुसार, बुधवार तड़के 1 बजकर 20 मिनट पर चक्रवात के तट पर पहुंचने की प्रक्रिया शुरू हुई। इसका केंद्र आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यानम के दक्षिण में स्थित तटीय क्षेत्र के पास है। इस दौरान हवा की गति 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि तेज झोंकों की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका जताई गई। मौसम विभाग के अनुसार, लैंडफॉल की प्रक्रिया पूरी होने में करीब चार घंटे लग सकते हैं।

आंध्र प्रदेश में तेज हवाओं से नुकसान, सड़क और रेल सेवाएं प्रभावित
चक्रवात के तट पर पहुंचने के साथ ही आंध्र प्रदेश में तेज हवाओं और भारी बारिश का प्रभाव बढ़ गया है। आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित होने की खबरें हैं। यानम के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-216 पर तेज हवाओं के कारण कई पेड़ उखड़कर गिर गए। आपदा प्रबंधन दल सड़क से पेड़ों को हटाने में जुटे हैं, ताकि यातायात बहाल किया जा सके। तूफान के मद्देनजर आंध्र प्रदेश के तीन हवाई अड्डों पर विमान सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं। कई उड़ानें रद्द की गई हैं। रेल सेवाओं पर भी असर पड़ा है और कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया है।

दो हजार से अधिक राहत शिविर तैयार
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा है कि चक्रवात के कारण जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। तटीय इलाकों से लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। राज्य में दो हजार से अधिक राहत शिविर तैयार किए गए हैं। गर्भवती महिलाओं को भी एहतियातन चिकित्सा केंद्रों में स्थानांतरित किया गया है।

कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में येलो अलर्ट
चक्रवात ‘अर्णब’ के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में भी मौसम खराब है। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों में मंगलवार रात से बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में तूफानी हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की है। हवा की गति सामान्यतः 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इन जिलों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है।
गुरुवार और शुक्रवार को भी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भी कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में तूफानी हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी रहेगा। पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा में भारी बारिश की संभावना है। शुक्रवार को पूर्व बर्धमान, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी दी गई है।
उत्तर बंगाल के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की आशंका
उत्तर बंगाल में भी चक्रवात के प्रभाव से मौसम खराब रहने का अनुमान है। गुरुवार और शुक्रवार को दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी में भारी बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका जताई गई है। शनिवार को भी पहाड़ी और आसपास के पांच जिलों में बारिश तथा तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।

मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह
चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटवर्ती समुद्री क्षेत्रों में मछुआरों को गुरुवार तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात का प्रभाव आंध्र प्रदेश और ओडिशा के साथ पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भी महसूस किया जा सकता है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।






0 टिप्पणियां