बिहार में नाव पलटने से 13 की मौत, मृतकों के परिजनों को छह लाख मुआवजा
लेखक: admin
2 मिनट में पढ़ें

बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में मंगलवार रात एक दर्दनाक नाव हादसे में 13 लोगों की जान चली गई। मृतकों में अधिकांश बच्चे शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताया है। मृतकों के परिजनों को छह लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की गई है।
श्राद्ध भोज में शामिल होने जा रहे थे लोग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राघोपुर थाना क्षेत्र की रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला में मंगलवार रात सिंघेश्वर राय के यहां श्राद्ध भोज का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए करीब 20 से 25 लोग एक छोटी नाव पर सवार होकर ढाब के दूसरी ओर जा रहे थे। इसी दौरान बीच पानी में नाव पलट गई और उस पर सवार लोग डूबने लगे।
एक घंटे तक चला बचाव अभियान
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पानी में डूबे लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें राघोपुर फतेहपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
13 बच्चों को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कुल 17 बच्चों को लाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद 13 को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीन बच्चों को बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर किया गया, जबकि एक बच्चे की स्थिति ठीक बताई गई। अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
प्रधानमंत्री ने जताया दुख, मुआवजे का एलान
हादसे में हुई मौतों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया। मृतकों के परिजनों को छह लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दे दी गई है। हादसे के बाद रामपुर श्यामचंद पंचायत सहित पूरे राघोपुर प्रखंड में मातम पसरा है।






0 टिप्पणियां