BCCI की चुप्पी पर सवाल: रोहित समेत 32 क्रिकेटर चोटिल, एक साल में 32 क्रिकेटरों ने कराया रिहैब
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की रिपोर्ट से हुआ खुलासा, मैनचेस्टर टेस्ट में ऋषभ पंत के पैर की हड्डी टूटी थी
लेखक: admin
अपडेट: 2 मिनट में पढ़ें

एक साल में 32 क्रिकेटरों ने कराया रिहैब
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के रिहैब से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की थी। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित ने आईपीएल 2026 के बाद हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने के लिए बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैब किया था। रिपोर्ट में CoE की सालाना रिपोर्ट का हवाला दिया गया है।
एक साल में 32 क्रिकेटरों ने कराया रिहैब
रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच भारतीय पुरुष टीम के 32 खिलाड़ियों ने CoE में रिहैब कराया। इनमें बीसीसीआई के केंद्रीय अनुबंध वाले 20 और लक्षित प्रशिक्षण या इंडिया-ए श्रेणी के 12 खिलाड़ी शामिल थे। वहीं, CoE की खेल विज्ञान एवं चिकित्सा टीम ने महिला और पुरुष खिलाड़ियों को मिलाकर कुल 68 खिलाड़ियों की चोटों का उपचार और प्रबंधन किया।
ऋषभ पंत की चोट सबसे गंभीर
इस अवधि में सबसे गंभीर चोट ऋषभ पंत को लगी थी। जुलाई 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट के दौरान क्रिस वोक्स की गेंद उनके पैर पर लगी थी, जिससे उनकी हड्डी टूट गई थी। इसके बाद पंत को रिकवरी के लिए CoE जाना पड़ा। अन्य खिलाड़ियों में मांसपेशियों में खिंचाव और सॉफ्ट-टिश्यू इंजरी के मामले अधिक सामने आए।
हार्दिक समेत कई खिलाड़ी बार-बार चोटिल
रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक पांड्या, हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी ने पिछले 18 महीनों में कम से कम चार-चार महीने CoE में बिताए। जसप्रीत बुमराह, वाशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा भी बार-बार चोट से जूझने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे। आईपीएल 2026 के बाद भी भारतीय खिलाड़ियों की चोटों को लेकर चिंता बढ़ी है।
CoE का बजट बढ़ा, मेडिकल प्रमुख का पद खाली
बीसीसीआई ने 2026-27 के लिए CoE का अनुमानित बजट 92 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 127 करोड़ रुपये कर दिया है। यानी इसमें 35 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। दूसरी ओर, CoE में खेल विज्ञान एवं चिकित्सा विभाग के प्रमुख का पद मार्च 2025 में नितिन पटेल के इस्तीफे के बाद से खाली बताया गया है। रिपोर्ट में भारतीय टीम की मेडिकल इकाई और CoE की टीम के बीच तालमेल की कमी का भी उल्लेख किया गया है। ऐसे में खिलाड़ियों की बढ़ती चोटों को रोकने, उनके कार्यभार का बेहतर प्रबंधन करने और दोनों इकाइयों के बीच समन्वय बढ़ाने की जरूरत पर सवाल उठ रहे हैं।






0 टिप्पणियां