बकिंघम पैलेस में क्रिकेट का रोमांच, सौरभ गांगुली की गेंद पर प्रिंस विलियम ने लगाया शॉट
लेखक: admin
2 मिनट में पढ़ें

लंदन: ब्रिटेन के प्रिंस विलियम लंदन स्थित बकिंघम पैलेस के पीछे क्रिकेट खेलते नजर आए। इस खास मौके पर भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली, अजिंक्य रहाणे, वेस्टइंडीज के दिग्गज ब्रायन लारा, इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन और जो रूट भी मौजूद रहे। क्रिकेट के दिग्गजों के साथ प्रिंस विलियम का यह अंदाज चर्चा का विषय बन गया। बकिंघम पैलेस के बाहर आयोजित ‘क्रिकेट ऑन द मॉल’ कार्यक्रम का उद्देश्य मुंबई में होने वाले अर्थशॉट प्राइज समारोह को बढ़ावा देना था। इस दौरान प्रिंस विलियम ने क्रिकेट का आनंद लिया और मौजूद लोगों से बातचीत भी की। उन्होंने सौरव गांगुली की प्रशंसा करते हुए उन्हें शानदार क्रिकेटरों में से एक बताया।
आईपीएल 2027 में दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच बने गांगुली
सौरभ गांगुली को हाल ही में आईपीएल 2027 के लिए दिल्ली कैपिटल्स का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। वह हेमंग बदानी की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। गांगुली वर्ष 2019 में दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े थे और तब से फ्रेंचाइजी में विभिन्न नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभा चुके हैं। वह पुरुष और महिला टीमों के क्रिकेट निदेशक भी रह चुके हैं। गांगुली ने मुख्य कोच की जिम्मेदारी मिलने पर खुशी जताते हुए कहा कि दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी उनके दिल के करीब है। उन्होंने वर्षों तक फ्रेंचाइजी के मालिकों, प्रबंधन, सहयोगी स्टाफ और खिलाड़ियों के साथ काम किया है। उन्होंने कहा कि टीम में प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और नए सत्र में उनका लक्ष्य एक मजबूत और निडर टीम तैयार करना होगा।
पार्थ जिंदल ने जताया भरोसा
दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन और सह-मालिक पार्थ जिंदल ने गांगुली की नियुक्ति पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि गांगुली लंबे समय से फ्रेंचाइजी परिवार का अहम हिस्सा रहे हैं। जिंदल को विश्वास है कि गांगुली के अनुभव, मार्गदर्शन और नेतृत्व से टीम को फायदा मिलेगा और वह आईपीएल खिताब जीतने की दिशा में बेहतर तैयारी कर सकेगी। पिछले दो सत्रों में दिल्ली कैपिटल्स प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही थी। ऐसे में गांगुली के सामने टीम को नई दिशा देने और खिताब की दावेदारी मजबूत करने की चुनौती होगी।






0 टिप्पणियां