बंगाल पर चक्रवात ‘अर्णव’ का खतरा, 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी; समुद्र से लौटने का निर्देश
लेखक: Manoj Prasad
2 मिनट में पढ़ें

कोलकाता। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात ‘अर्णव’ पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में भी असर डाल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका के बीच बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। समुद्र में हलचल बढ़ने की आशंका को देखते हुए मछुआरों की आवाजाही पर गुरुवार तक प्रतिबंध लगाया गया है। समुद्र में गए मछुआरों को सोमवार तक लौटने का निर्देश दिया गया है।
मंगलवार से मौसम बिगड़ने की आशंका
मंगलवार को दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में गरज-चमक के साथ बारिश तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कोलकाता, उत्तर 24 परगना, हावड़ा और हुगली में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है।
बुधवार को चार जिलों में भारी बारिश
बुधवार को दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में भी छिटपुट बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
गुरुवार को भी बारिश का दौर
गुरुवार को दोनों मेदिनीपुर जिलों, झाड़ग्राम, बांकुड़ा और पुरुलिया में भारी बारिश का अनुमान है। दक्षिण 24 परगना और दोनों मेदिनीपुर जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के अन्य इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
उत्तर बंगाल में भी बारिश की चेतावनी
शुक्रवार को मुर्शिदाबाद, नदिया, बीरभूम तथा पूर्व और पश्चिम बर्दवान में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तर बंगाल में गुरुवार से बारिश और आंधी का दौर शुरू होने का अनुमान है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग और अलीपुरद्वार में शुक्रवार तक भारी बारिश हो सकती है।
कलकत्ता में क्या होगा?
चक्रवात के प्रभाव से कोलकाता में मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश और गुरुवार तक रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों और मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी है।





0 टिप्पणियां