बक्सा टाइगर रिजर्व का बाड़ा तोड़कर फिर असम भागी बाघिन, क्या बाघों के प्रेम में कर रही पलायन?
लेखक: Manoj Prasad
2 मिनट में पढ़ें

अलीपुरद्वार। पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व में लाई गई बाघिन एक बार फिर असम की ओर बढ़ गई है। लोहे के बाड़े से बाहर निकलने के लिए उसने पहले उसे तोड़ने की कोशिश की और जब सफल नहीं हुई तो करीब ढाई फीट गहरा गड्ढा खोदकर बाहर निकल गई। फिलहाल उसका ठिकाना डुआर्स के पानबाड़ी इलाके का जंगल बताया जा रहा है, जो बाड़े से करीब 15 किलोमीटर दूर है। इस जंगल के आगे संकोश नदी है और नदी पार करने पर असम का इलाका शुरू होता है।
वन अधिकारियों के मुताबिक, पिछले साल भी इसी रास्ते से बाघिन असम के रायमोना जंगल पहुंच गई थी। इस बार बक्सा टाइगर रिजर्व प्रशासन किसी भी कीमत पर उसे बंगाल से बाहर नहीं जाने देना चाहता। बाघिन को रोकने के लिए वन विभाग ने तीन कुनकी हाथियों और ढोल-नगाड़ों के साथ अभियान शुरू किया है। अधिकारियों का मानना है कि यदि इस बार वह असम पहुंच गई तो उसे वापस लाना बेहद मुश्किल हो सकता है।
सोमवार दोपहर वन मंत्री मनोज कुमार उरांव ने बक्सा टाइगर रिजर्व के 25 माइल इलाके में बाघिन के लिए बनाए गए करीब सात बीघा जमीन के लोहे के बाड़े का निरीक्षण किया। इस दौरान रिजर्व के अधिकारी भी मौजूद थे। वन मंत्री ने बताया कि पिछले कई दिनों से बाघिन, जिसे ‘डुआर्स की रानी’ कहा जा रहा है, बाड़े से बाहर निकलने की कोशिश कर रही थी। बाड़े में कई जगह टूट-फूट और खरोंच के निशान मिले हैं। आखिरकार उसने करीब ढाई फीट गहरा गड्ढा खोदकर बाहर निकलने का रास्ता बना लिया।
विशेषज्ञों के एक वर्ग का मानना है कि बाघिन के बार-बार असम की ओर जाने के पीछे वहां मौजूद बाघों के प्रति उसका आकर्षण हो सकता है। असम के रायमोना सहित कई जंगलों में बाघों की मौजूदगी है। गौरतलब है कि इस बाघिन को बिहार से बक्सा लाया गया था। वन विभाग उसकी हर गतिविधि पर नजर रख रहा है। उसकी लोकेशन मिलने के बाद अधिकारी तीन कुनकी हाथियों के साथ चुनिया इलाके में पहुंचे। हाथियों के लिए केले के पेड़ भी मंगवाए गए हैं।
वन विशेषज्ञों का कहना है कि कभी जलदापाड़ा, गोरुमारा, बक्सा टाइगर रिजर्व और तीस्ता नदी के आसपास के विस्तृत इलाकों में बाघों का बसेरा था। लेकिन समय के साथ बाघ इस क्षेत्र से असम के मानस, भूटान और यहां तक कि सिक्किम की ओर चले गए। विशेषज्ञों के मुताबिक, बक्सा और आसपास के जंगलों में बाघों के रहने के अनुकूल वातावरण तैयार किए बिना उन्हें यहां रोक पाना मुश्किल होगा।






0 टिप्पणियां