42 साल की सेवा, ऑपरेशन सिंदूर में मनवाया लोहा, आशुतोष दीक्षित ने संभाला वायुसेना प्रमुख का पदभार
लेखक: Manoj Prasad
अपडेट: 2 मिनट में पढ़ें

नई दिल्ली: एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने शनिवार को भारतीय वायुसेना (IAF) के नए प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उन्हे 20 से अधिक तरह के विमानों पर 3,500 घंटे से ज्यादा उड़ान भरने का अनुभव है और वह एक कुशल फाइटर जेट पायलट हैं। आशुतोष दीक्षित ने एयर चीफ मार्शल एपी सिंह का स्थान लिया, जो 43 साल के शानदार करियर के बाद रिटायर हो गए। कार्यभार सौंपने से पहले एयर चीफ मार्शल सिंह को रेस कोर्स वायुसेना स्टेशन पर औपचारिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।
ऑपरेशन सिंदूर से दुनियाभर में जमाई धाक
एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह PVSM, AVSM प्राप्त हैं। वे एक कुशल फाइटर पायलट और एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट रहे हैं। उन्होंने भारतीय वायु सेना की परिचालन क्षमता, युद्ध तैयारियों और उसके आधुनिकीकरण में अहम योगदान दिया। वायु सेना प्रमुख के रूप में उनका कार्यकाल निर्णायक नेतृत्व और ऑपरेशनल रेडीनेस पर अटूट ध्यान देने के लिए जाना जाएगा।
खासतौर पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में जिस तरह भारतीय वायु सेना ने राष्ट्रीय उद्देश्यों की पूर्ति के लिए पाकिस्तानी खेमे में कहर मचाया था। उसने दुनियाभर में भारतीय वायुसेना की धाक जमा दी। ऑपरेशनल लीडरशिप के अलावा, एयर चीफ मार्शल एपी सिंह को संगठन में वायु योद्धाओं के साथ गहरे और व्यक्तिगत जुड़ाव के लिए याद किया जाएगा। वे जमीनी स्तर पर वायुसैनिकों के साथ जुड़े थे। जब वे वायु योद्धाओं के साथ बात करते थे, तो दुनिया को मैसेज जाता था कि भारतीय वायु सेना की असली ताकत उसके लोग हैं।
1986 में वायुसेना की फाइटर यूनिट में हुए थे शामिल
29वें वायुसेना प्रमुख का पदभार संभालने वाले आशुतोष दीक्षित को अपनी रणनीतिक योजना के लिए जाना जाता है। नौ दिसंबर 1966 को जन्मे एयर मार्शल दीक्षित 6 दिसंबर 1986 को वायुसेना की लड़ाकू इकाई में शामिल हुए थे। एयर मार्शल राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, डिफेंस स्टाफ सर्विस कॉलेज (बांग्लादेश) और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र हैं। उनके पास मिराज-2000, मिग के विभिन्न संस्करण, किरण, जगुआर, आईएल-78, हॉक और तेजस समेत कई तरह के विमानों को उड़ाने का 3,500 घंटे से अधिक का व्यापक अनुभव है।
एयरफोर्स ने अपने चीफ को दी विदाई
उनके रिटायरमेंट पर भारतीय वायु सेना ने एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और उनकी पत्नी सरिता सिंह को भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। एयरफोर्स ने कहा कि एयर चीफ एपी पी सिंह का नेतृत्व, परिचालन संबंधी दृढ़ संकल्प और वायु योद्धाओं के साथ उनका अटूट जुड़ाव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।






0 टिप्पणियां