सलमान खान ने लॉन्च किया अपना यूट्यूब चैनल, बोले- A से Z तक सब कुछ मिलेगा
फैंस को मिलेगी निजी और पेशेवर जिंदगी की झलक, फिल्मों और शूटिंग से जुड़े पर्दे के पीछे के किस्से भी करेंगे साझा
लेखक: admin
अपडेट: 2 मिनट में पढ़ें

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने शुक्रवार को अपना आधिकारिक यूट्यूब चैनल लॉन्च किया। इसके जरिए वह प्रशंसकों के साथ अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी से जुड़ी बातें साझा करेंगे। चैनल की शुरुआत उन्होंने एक मजेदार टीजर के साथ की, जिसमें वह अंग्रेजी वर्णमाला बोलते नजर आए। वीडियो के साथ सलमान ने लिखा, “शुरू से शुरू करते हैं… मेरा ऑफिशियल यूट्यूब चैनल। A से Z तक सब यहां मिलेगा।” लॉन्च के समय चैनल के सब्सक्राइबर्स की संख्या 16 हजार के पार पहुंच गई थी।
फैंस को मिलेगी सलमान की जिंदगी की झलक
सलमान के आधिकारिक चैनल पर फिलहाल कई शॉर्ट वीडियो मौजूद हैं। आने वाले समय में प्रशंसकों को उनके रोजमर्रा के जीवन, फिल्मों से जुड़े अनुभवों और शूटिंग के पीछे के दिलचस्प पलों को करीब से देखने का मौका मिल सकता है। चैनल के परिचय में सलमान ने खुद को फिल्म अभिनेता, कलाकार, चित्रकार और मानवतावादी बताया है।
‘बिग बॉस 20’ की मेजबानी कर रहे हैं सलमान
कामकाज की बात करें तो सलमान फिलहाल ‘बिग बॉस 20’ होस्ट कर रहे हैं। वह जल्द ही फिल्म ‘मातृभूमि’ में नजर आ सकते हैं, जिसका नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ था। अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में हैं। हालांकि, फिल्म की नई रिलीज डेट अभी घोषित नहीं हुई है। इसके अलावा सलमान दक्षिण भारतीय फिल्ममेकर वामशी पैदिपल्ली की फिल्म एसवीसी63 में भी काम कर रहे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, इसका संभावित नाम ‘मॉन्स्टर’ है और इसमें नयनतारा भी नजर आएंगी। फिल्म को ईद 2027 पर रिलीज करने की योजना बताई गई है।
यूट्यूब पर पहले से सक्रिय हैं बॉलीवुड सितारे
सलमान खान से पहले भी बॉलीवुड के कई सितारे यूट्यूब के जरिए अपने प्रशंसकों से जुड़ चुके हैं। फिल्म निर्देशक और कोरियोग्राफर फराह खान का चैनल इन दिनों काफी चर्चा में है। वह बॉलीवुड सितारों के घर जाकर उनके साथ खाना बनाती हैं और बातचीत के दौरान उनकी निजी जिंदगी तथा फिल्मों से जुड़े दिलचस्प किस्से सामने लाती हैं। उनके कुक दिलीप के साथ मजेदार बातचीत भी दर्शकों को पसंद आती है। रिपोर्ट के अनुसार, उनके चैनल पर 32 लाख से अधिक सब्सक्राइबर्स थे।






0 टिप्पणियां