मुंबई एयरपोर्ट की ‘प्रणाम सर्विस’ पर भड़के अदनान सामी, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
स्टाफ के व्यवहार और लापरवाही पर जताई नाराजगी, एयरपोर्ट प्रशासन के जवाब को बताया अपमानजनक; किसी ने किया समर्थन तो किसी ने VIP कल्चर पर उठाए सवाल
लेखक: Badrinath Shaw
4 मिनट में पढ़ें

मुंबई। मशहूर गायक अदनान सामी मुंबई एयरपोर्ट की ‘प्रणाम सर्विस’ से नाराज हो गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबी पोस्ट लिखकर एयरपोर्ट की सेवाओं और कर्मचारियों के व्यवहार पर सवाल उठाए। अदनान ने आरोप लगाया कि लंबे समय से इस सर्विस का इस्तेमाल करने के बावजूद उन्हें हालिया यात्रा के दौरान बेहद खराब अनुभव का सामना करना पड़ा।
पांच घंटे की देरी के बावजूद नहीं दी गई सही जानकारी
अदनान सामी के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट पांच घंटे लेट थी और इसकी जानकारी प्रणाम सर्विस को भी थी। इसके बावजूद उन्हें एयरपोर्ट पहुंचने के बाद और एंट्री सिक्योरिटी पार करने पर फ्लाइट की देरी के बारे में बताया गया। उनका कहना है कि पहले सूचना मिल जाती तो वे घर पर आराम से इंतजार कर सकते थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें रिसीव करने के लिए कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।
मोबाइल में व्यस्त रही महिला कर्मचारी
गायक ने महिला कर्मचारी के व्यवहार पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारी लगातार मोबाइल फोन पर व्यस्त थी और लाउंज से डिपार्चर गेट तक ले जाने के समय भी खुद नहीं पहुंची। इसके बजाय पोर्टर को भेज दिया गया। गेट पर पहुंचने के बाद पोर्टर को भी कर्मचारी को तलाशना पड़ा। अदनान ने कहा कि भीड़ के बीच उन्हें खुद ही रास्ता तलाशना पड़ा और फास्ट ट्रैक सुविधा का भी सही इस्तेमाल नहीं हो सका।
उन्होंने लिखा,”यह दूसरी बार है जब प्रणाम सर्विस के कर्मचारियों का व्यवहार खराब रहा है। आप इन सेवाओं के लिए पैसे लेते हैं, इसलिए ग्राहकों को पेशेवर और सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए।”
एयरपोर्ट प्रशासन के जवाब पर भी भड़के अदनान
अदनान की शिकायत पर मुंबई एयरपोर्ट की ओर से जवाब दिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने खेद जताते हुए उनसे यात्रा की तारीख, समय और संपर्क विवरण ईमेल के जरिए साझा करने का अनुरोध किया, ताकि मामले की जांच की जा सके।
हालांकि, यह जवाब भी अदनान को पसंद नहीं आया। उन्होंने इसे एक सामान्य और तयशुदा जवाब बताते हुए कहा कि शिकायत का जवाब किसी बॉट की तरह दिया गया है। उन्होंने एयरपोर्ट प्रशासन के अनौपचारिक संबोधन पर भी आपत्ति जताई।
कुछ तहजीब और तमीज सीखिए… हद है!
अदनान ने लिखा,”कुछ तहजीब और तमीज सीखिए… हद है!” उनका कहना था कि जब कंप्यूटर के जरिए जवाब दिया जा सकता है, तो उसी तकनीक से उनकी यात्रा का रिकॉर्ड भी पता लगाया जा सकता था।
सोशल मीडिया पर बंटी लोगों की राय
इस पूरे विवाद के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की राय बंट गई है। कुछ यूजर्स ने अदनान सामी का समर्थन करते हुए कहा कि जब कोई यात्री किसी सुविधा के लिए पैसे देता है, तो उसे बेहतर सेवा मिलनी चाहिए।
एक यूजर ने लिखा, “अगर आप पैसे लेते हैं और कुछ सुविधाओं का वादा करते हैं, तो उन्हें पेशेवर तरीके से उपलब्ध भी कराइए। पैसे देने के बाद ग्राहक को ऐसी परेशानी नहीं झेलनी चाहिए।”
वहीं, कुछ लोगों ने अदनान की शिकायत को VIP मानसिकता से जोड़ दिया। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “आप लोग हमेशा खास व्यक्ति की तरह व्यवहार क्यों करना चाहते हैं? आम लोगों की तरह लाइन में खड़े रहिए और नखरे मत दिखाइए।”
एक अन्य यूजर ने कहा कि ‘एयरपोर्ट पर ऐसी सुविधाओं का उद्देश्य कुछ खास लोगों की सेवा करना नहीं, बल्कि सभी यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक अनुभव देना होना चाहिए। एक यूजर ने तो यहां तक लिखा कि या तो प्रणाम सर्विस बंद कर दी जाए या फिर इसे सही तरीके से चलाया जाए।’






0 टिप्पणियां