अक्षय कुमार की फिल्म ‘समुक’ का फर्स्ट लुक जारी, ‘एलियन’ और ‘प्रिडेटर’ से लड़ने को तैयार खिलाड़ी!
अक्षय का यह फिल्म हॉलीवुड की फिल्म प्रिडियेटर से प्रभावित माना जा रहा है। खास बात यह है कि इस फिल्म में अंतरराष्ट्रीय स्तर के तकनीशियनों ने भी काम किया है।
लेखक: Badrinath Shaw
2 मिनट में पढ़ें

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार एक बार फिर बड़े पर्दे पर एक्शन और रोमांच का नया तड़का लगाने की तैयारी में हैं। उनकी आगामी साइंस-फिक्शन एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘समुक’ (Samuk) का फर्स्ट लुक और मोशन पोस्टर जारी कर दिया गया है। फिल्म के पहले लुक में अक्षय कुमार बेहद दमदार और खतरनाक अंदाज में नजर आ रहे हैं। निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। यह फिल्म 28 मई 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
फिल्म के पोस्टर में अक्षय कुमार घने और रहस्यमयी जंगल के बीच हाथ में बंदूक थामे दिखाई दे रहे हैं। वहीं, दूसरे मोशन पोस्टर में एक डरावने और रहस्यमयी जीव की झलक दिखाई गई है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म में इंसानों और किसी खतरनाक गैर-मानवीय ताकत के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिलेगा।
अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर फिल्म का फर्स्ट लुक साझा करते हुए लिखा कि दुश्मन इंसान नहीं है, लेकिन लड़ाई पूरी मानवता के लिए है और पीछे हटने का कोई विकल्प नहीं है। फिल्म की टैगलाइन भी इसी कहानी की ओर इशारा करती है—’द मिशन इज ह्यूमन, द एनिमी इज नॉट’।
‘समुक’ का निर्देशन कनिष्क वर्मा कर रहे हैं, जबकि फिल्म का निर्माण विपुल अमृतलाल शाह ने सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले किया है। इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ रुक्मिणी मैत्रा, विनीत कुमार सिंह, बनिता संधू, राजत कपूर, स्वानंद किरकिरे और सुशांत सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

खास बात यह है कि इस फिल्म में अंतरराष्ट्रीय स्तर के तकनीशियनों ने भी काम किया है। ‘एलियन’ और ‘प्रिडेटर’ जैसी फिल्मों से जुड़े ऑस्कर-नामांकित क्रिएचर इफेक्ट्स डिजाइनर एलेक गिलिस फिल्म के रहस्यमयी जीव को तैयार करने में शामिल हैं। वहीं, एक्शन दृश्यों की जिम्मेदारी ब्रिटिश एक्शन डायरेक्टर ल्यूक टम्बर ने संभाली है।
‘समुक’ के जरिए अक्षय कुमार एक नए और अलग तरह के सिनेमाई अनुभव के साथ दर्शकों के सामने आने वाले हैं। अब फिल्म का पहला लुक सामने आने के बाद दर्शकों को इसके ट्रेलर और कहानी के खुलासे का इंतजार रहेगा।






0 टिप्पणियां