कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़, 19 लोगों की मौत, कई घायल
चोरबागान सार्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में सप्तमी की शाम को भगदड़ मचने से कई श्रद्धालु भीड़ की चपेट में आ गए। 19 लोगों की मौत से पसरा मातम
लेखक: admin
2 मिनट में पढ़ें

कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिन दुर्गोत्सव पंडाल में सप्तमी की शाम भारी भीड़ और तेज बारिश के बीच भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस घटना में 19 लोगों की मौत हुई और 25 लोगों के घायल है। घायलों को कोलकाता मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ 3 की हालत नाजुक बताई जा रही है।
अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री
घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शनिवार रात अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने घटना की जांच कराने और यह पता लगाने की बात कही कि मौके पर जिम्मेदारी किसकी थी। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने के भी निर्देश दिए। पूजा समिति के सदस्यों को थाने में बुलाने का निर्देश दिया गया है। कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंदा भी अस्पताल पहुंचे।
तेज बारिश के बीच बिगड़े हालात
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सप्तमी की शाम उत्तर और मध्य कोलकाता में तेज बारिश शुरू होने के बाद सड़कों पर जाम लग गया। बारिश से बचने के लिए कतार में खड़े कई लोग पंडाल के भीतर प्रवेश करने की कोशिश करने लगे। इस दौरान लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कुछ लोग गिर पड़े। इससे पंडाल के अंदर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बचावकर्मियों के मुताबिक, कुछ घायलों को बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।
360 डिग्री वाले कॉरिडोर में परेशानी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरबागान पंडाल में प्रवेश के बाद एक गोलाकार एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया गया था, जहां से दर्शनार्थियों को 360 डिग्री घूमकर बाहर निकलना था। आशंका जताई जा रही है कि इसी हिस्से में भीड़ का दबाव बढ़ने से हादसे जैसी स्थिति पैदा हुई। पंडाल का ढांचा टूटने की आशंका भी व्यक्त की गई है, लेकिन घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद पंडाल की रोशनी बंद कर दी गई और आवागमन के रास्तों को भी बंद कर दिया गया। फिलहाल राहत और बचाव कार्य के साथ घायलों के उपचार पर जोर दिया गया। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि समय पर पुलिस या सुरक्षा कर्मियों से सहायता नहीं मिली।
हेल्पलाइन जारी
पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से घटना से संबंधित सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-345-5678 जारी किया गया है। प्रशासन की ओर से घटना की परिस्थितियों और जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच किए जाने की बात कही गई है। चोरबागान सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति ने इस वर्ष पंडाल की थीम ‘ऑर्ब’ रखी थी, जिसका अंग्रेजी भावार्थ ‘बियॉन्ड साउंड’ बताया गया है। पंडाल की 360 डिग्री संरचना दर्शनार्थियों के आकर्षण का केंद्र थी।






0 टिप्पणियां