काली पूजा से पहले फानूस उड़ाने पर सख्ती, लाइसेंस के बिना इस्तेमाल पर रोक के संकेत
लेखक: Manoj Prasad
अपडेट: 1 मिनट में पढ़ें

कोलकाता। काली पूजा से पहले पश्चिम बंगाल में पटाखों के साथ फानूस (Sky Lantern) के इस्तेमाल को लेकर भी पुलिस-प्रशासन ने सख्ती के संकेत दिए हैं। राज्य पुलिस के डीजी सिद्धनाथ गुप्ता ने कहा कि फानूस या एयर बैलून उड़ाने के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। उन्होंने बताया कि बिना अनुमति या लाइसेंस के इन्हें उड़ाने के कारण कई दुर्घटनाएं हुई हैं। ऐसे हादसों से बचने के लिए इनके इस्तेमाल में नियमों का पालन जरूरी है। हालांकि, सामान्य फानूस उड़ाने के लिए भी लाइसेंस की जरूरत होगी या नहीं और इसके लिए अनुमति कहां से मिलेगी, इसे लेकर लोगों में असमंजस है।

काली पूजा की तैयारियों को लेकर पुलिस-प्रशासन की बैठक के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में राज्य की गृह सचिव संघमित्रा घोष ने ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल, स्कूल, कॉलेज और वृद्धाश्रम जैसे साइलेंस जोन के 100 मीटर के दायरे में ध्वनि वाले पटाखे नहीं फोड़े जा सकेंगे। इन क्षेत्रों में शांति बनाए रखना जरूरी होगा।
गृह सचिव ने बताया कि काली पूजा से पहले पटाखा बाजारों पर निगरानी रखी जाएगी। प्रतिबंधित पटाखों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और त्योहार के दौरान पुलिस की गश्त भी जारी रहेगी। पटाखों को लेकर किसी तरह की शिकायत होने पर लोग कंट्रोल रूम में इसकी जानकारी दे सकेंगे। उन्होंने लोगों से जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि उनका आनंद दूसरों के दुख का कारण नहीं बनना चाहिए। प्रशासनिक सख्ती के साथ लोगों में जागरूकता बढ़ाना भी जरूरी है।






0 टिप्पणियां