दुर्गापूजा में रातभर दौड़ेगी मेट्रो, सप्तमी से नवमी तक तड़के 4 बजे तक सफर
कोलकाता मेट्रो ने पूजा के सात दिनों के लिए विशेष समय-सारिणी जारी की है।
लेखक: admin
अपडेट: 3 मिनट में पढ़ें

कोलकाता। दुर्गापूजा में पंडाल-दर्शन के लिए देर रात तक निकलने वालों के लिए खुशखबरी है। कोलकाता मेट्रो ने पूजा के सात दिनों के लिए विशेष समय-सारिणी जारी की है। पंचमी (15 अक्टूबर) से दशमी (21 अक्टूबर) तक मेट्रो की सेवाएं बदले हुए समय के अनुसार चलेंगी। खास बात यह है कि सप्तमी से नवमी तक ब्लू और ग्रीन लाइन पर पूरी रात मेट्रो दौड़ेगी और भोर 4 बजे तक यात्रियों को सफर की सुविधा मिलेगी। हालांकि, ऑरेंज लाइन पर सप्तमी से दशमी तक मेट्रो सेवा बंद रहेगी।
ब्लू लाइन : सुबह 4 बजे तक मेट्रो
दक्षिणेश्वर से शहीद खुदीराम तक चलने वाली ब्लू लाइन पर पंचमी और षष्ठी को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक मेट्रो चलेगी। इन दोनों दिनों में अप और डाउन मिलाकर कुल 284 मेट्रो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। व्यस्त समय में मेट्रो के बीच छह मिनट का अंतराल रहेगा। सप्तमी के दोनों दिन, अष्टमी और नवमी को मेट्रो सेवा दोपहर 1 बजे से शुरू होकर भोर 4 बजे तक चलेगी। दक्षिणेश्वर से शहीद खुदीराम के लिए अंतिम मेट्रो भोर लगभग 3:46 बजे और शहीद खुदीराम से दक्षिणेश्वर के लिए 3:48 बजे रवाना होगी। भोर 4 बजे की कुछ सेवाएं टालीगंज और दमदम तक ही जाएंगी। दशमी को सेवा दोपहर लगभग 1 बजे से शुरू होगी। दक्षिणेश्वर से शहीद खुदीराम और शहीद खुदीराम से दक्षिणेश्वर के लिए अंतिम मेट्रो रात 10:20 बजे मिलेगी।
ग्रीन लाइन : हावड़ा मैदान से सेक्टर पांच तक
हावड़ा मैदान से सॉल्टलेक सेक्टर पांच तक चलने वाली ग्रीन लाइन पर पंचमी और षष्ठी को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक मेट्रो उपलब्ध रहेगी। सप्तमी के दोनों दिन, अष्टमी और नवमी को सेवा दोपहर 1:30 बजे से भोर 4 बजे तक चलेगी। हावड़ा मैदान से अंतिम मेट्रो भोर 3:52 बजे और सॉल्टलेक सेक्टर पांच से हावड़ा मैदान के लिए अंतिम मेट्रो 3:59 बजे रवाना होगी। दशमी को सेवा दोपहर 1:30 बजे शुरू होगी, लेकिन रातभर नहीं चलेगी। दोनों दिशाओं में अंतिम मेट्रो रात 10:30 बजे रवाना होगी।
येलो लाइन : रातभर नहीं मिलेगी सेवा
नोआपाड़ा से जय हिंद विमानबंदर तक चलने वाली येलो लाइन पर पंचमी और षष्ठी को पहली मेट्रो नोआपाड़ा से सुबह 7:18 बजे और विमानबंदर से सुबह 7:40 बजे रवाना होगी। अंतिम मेट्रो क्रमशः रात 9 बजे और 9:20 बजे मिलेगी। सप्तमी, अष्टमी और नवमी को सेवा दोपहर 3 बजे शुरू होगी। नोआपाड़ा से अंतिम मेट्रो रात 10:30 बजे और जय हिंद विमानबंदर से रात 10:53 बजे रवाना होगी। दशमी को भी सेवा दोपहर 3 बजे शुरू होगी, लेकिन अंतिम मेट्रो नोआपाड़ा से रात 9:14 बजे और विमानबंदर से रात 9:38 बजे चलेगी।
पर्पल लाइन : 25 मिनट के अंतराल पर मेट्रो
जोका से माझेरहाट तक चलने वाली पर्पल लाइन पर पंचमी और षष्ठी को मेट्रो 21 मिनट के अंतराल पर चलेगी। जोका से पहली मेट्रो सुबह 6:40 बजे और अंतिम रात 9:05 बजे रवाना होगी। माझेरहाट से पहली मेट्रो सुबह 7:03 बजे और अंतिम रात 9:26 बजे मिलेगी।
सप्तमी से दशमी तक इस लाइन पर मेट्रो 25 मिनट के अंतराल पर चलेगी। जोका से सेवा दोपहर 3 बजे शुरू होकर रात 10:30 बजे तक और माझेरहाट से दोपहर 3:25 बजे शुरू होकर रात 10:55 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
ऑरेंज लाइन : सप्तमी से दशमी तक बंद
कवि सुभाष से बेलेघाटा तक चलने वाली ऑरेंज लाइन पर पंचमी और षष्ठी को मेट्रो 25 मिनट के अंतराल पर चलेगी। कवि सुभाष से पहली मेट्रो सुबह 7:40 बजे और अंतिम रात 8:20 बजे रवाना होगी। बेलेघाटा से पहली मेट्रो सुबह 8:10 बजे और अंतिम रात 8:45 बजे मिलेगी। हालांकि, सप्तमी से दशमी तक इस लाइन पर मेट्रो सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी।
मेट्रो प्रशासन ने पूजा के दौरान यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था भी की है। यात्रियों को सलाह है कि यात्रा से पहले अपनी लाइन और गंतव्य के अनुसार अंतिम मेट्रो का समय जरूर देख लें।






0 टिप्पणियां