पंचायत 5 की रिलीज डेट का ऐलान, इस दिन लौटेंगे सचिव जी! मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया नया पोस्टर
फुलेरा में फिर मचेगा धमाल, बनराकस और क्रांति देवी की नई सत्ता के बीच फंसेंगे सचिव जी; प्राइम वीडियो पर इस दिन होगी सीरीज की वापसी।
लेखक: Badrinath Shaw
2 मिनट में पढ़ें

ओटीटी की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मेकर्स ने आखिरकार ‘पंचायत 5’ की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। जितेंद्र कुमार स्टारर यह चर्चित सीरीज 3 दिसंबर 2026 को अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।
मेकर्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट @primevideoin पर नए सीजन का पोस्टर शेयर करते हुए रिलीज डेट की जानकारी दी। पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया, “थोड़ी तकरार, थोड़ा प्यार रहेगा, फुलेरा में आपका इंतजार रहेगा।” इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की खुशी देखने लायक है।
दिलचस्प बात यह है कि कुछ दिन पहले ही मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर बताया था कि ‘पंचायत 5’ इस साल रिलीज नहीं होगी। इस पोस्ट ने दर्शकों को निराश कर दिया था। लेकिन अब मेकर्स ने नया पोस्टर जारी कर रिलीज डेट का खुलासा कर दिया है।
अनाउंसमेंट के लिए चलाया गया था मजेदार चैलेंज
इसकी शुरुआत तब हुई जब क्रांति देवी (सुनीता राजवार) ने अपने पति बनराकस (दुर्गेश कुमार) से कहा कि वे फुलेरा में उनके नए नेतृत्व के लिए सम्मान कमाएं। इसके बाद मेकर्स ने फैंस को एक चैलेंज दिया कि वे बनराकस को एक करोड़ गेंदे के फूलों की माला पहनाएं।
जब दर्शकों ने पहला टारगेट पूरा कर लिया, तो चैलेंज को बढ़ाकर 10 करोड़ फूलों की माला तक कर दिया गया, और यह वादा किया गया कि इसे पूरा करने पर सीज़न 5 की रिलीज डेट सामने आ जाएगी।
इस कैंपेन ने फैंस का खूब ध्यान खींचा और कुल आंकड़ा शुरुआती टारगेट को पार करते हुए लगभग 4 करोड़ तक पहुंच गया।
अब मेकर्स ने इस मजेदार सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए, पूरा टारगेट पूरा होने का इंतजाक करने के बजाय, सीज़न 5 की रिलीज़ डेट की घोषणा कर दी है।
क्या होगी पंचायत 5 की कहानी?
‘पंचायत 4’ के अंत में फुलेरा गांव की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला था। मंजू देवी चुनाव हार गई थीं और क्रांति देवी गांव की नई प्रधान बन गई थीं। वहीं, बनराकस का दबदबा भी बढ़ गया था। अब पांचवें सीजन में इसी बदले हुए राजनीतिक माहौल में सचिव जी यानी अभिषेक त्रिपाठी की जिंदगी में आने वाली मुश्किलों को दिखाया जाएगा।
कहानी में अभिषेक के एमबीए करने के सपने और फुलेरा से जुड़े अधूरे मामलों पर भी फोकस रहने वाला है। दर्शकों को एक बार फिर जितेंद्र कुमार, नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, चंदन रॉय, फैसल मलिक, संविका, सुनीता राजवर और दुर्गेश कुमार जैसे कलाकार अपने पुराने किरदारों में नजर आएंगे।
अब देखना दिलचस्प होगा कि फुलेरा की नई सत्ता में सचिव जी कैसे काम करते हैं और गांव की राजनीति में आगे क्या-क्या मोड़ आते हैं।






0 टिप्पणियां