बंगाल में क्या है ‘कार्तिक फेला’ की परंपरा? क्यों ‘बाबू कार्तिक’ के रूप में पूजे जाते हैं ‘कार्तिकेय’
पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले में कटवा कार्तिक पूजा विशेष आर्कषण का केन्द्र होता है
लेखक: Badrinath Shaw
2 मिनट में पढ़ें

बंगाल की संस्कृति और परंपराएं अपने आप में बेहद खास हैं। यहां सालभर अलग-अलग देवी-देवताओं की पूजा और त्योहार मनाए जाते हैं। दुर्गापूजा, कालीपूजा और जगद्धात्री पूजा की तरह ही कार्तिक पूजा का भी विशेष महत्व है। हालांकि, बंगाल की कार्तिक पूजा देश के दूसरे हिस्सों में होने वाली कार्तिकेय की पूजा से कुछ अलग पहचान रखती है।
‘कार्तिक फेला’ की है विशेष परंपरा
बंगाल की कार्तिक पूजा की सबसे दिलचस्प परंपराओं में से एक है ‘कार्तिक फेला’। इस परंपरा के तहत शादी के बाद नवविवाहित जोड़ों के घर के सामने या दरवाजे पर कार्तिक भगवान की मूर्ति रख दी जाती है।
कई जगहों पर मोहल्ले के युवक या परिचित लोग रात के समय चुपचाप कार्तिक की मूर्ति रखकर चले जाते हैं। सुबह जब परिवार के लोग दरवाजा खोलते हैं, तो उन्हें भगवान कार्तिक की मूर्ति दिखाई देती है।
इसके बाद कई परिवारों में विधि-विधान से कार्तिक पूजा की जाती है। इसके पीछे मान्यता है कि भगवान कार्तिक के आशीर्वाद से नवदंपति का वैवाहिक जीवन सुखमय होगा और उनके घर में संतान सुख आएगा।
बंगाल के बाबू कार्तिक की अलग पहचान
बंगाल में भगवान कार्तिक की प्रतिमाओं का स्वरूप भी काफी खास होता है। यहां कई जगह उन्हें बेहद सुंदर और आकर्षक युवक के रूप में सजाया जाता है। पारंपरिक रूप से मोर पर सवार कार्तिक भगवान के अलावा उन्हें धोती-कुर्ता पहने एक खूबसूरत युवक के रूप में भी दिखाया जाता है। इसी रूप को आम बोलचाल में ‘बाबू कार्तिक’ कहा जाता है। बंगाल की लोकसंस्कृति में बाबू कार्तिक का स्वरूप काफी लोकप्रिय है। उनकी प्रतिमाओं में सुंदर वस्त्र, आकर्षक आभूषण और खास सजावट देखने को मिलती है।
कब मनाई जाती है कार्तिक पूजा?
बंगाल में कार्तिक पूजा आमतौर पर कार्तिक महीने के कार्तिक संक्रांति के आसपास मनाई जाती है। अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार यह प्रायः नवंबर महीने में पड़ती है। इस दिन घरों और पूजा पंडालों में भगवान कार्तिक की प्रतिमा स्थापित की जाती है। फूल, धूप, दीप, फल और मिठाइयों से पूजा की जाती है। कई इलाकों में सामूहिक पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं।

कटवा की कार्तिक पूजा और प्रसिद्ध ‘कार्तिक लड़ाई’
पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले का कटवा कार्तिक पूजा के लिए खास तौर पर प्रसिद्ध है। यहां कार्तिक पूजा बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाई जाती है। पूजा के दौरान आकर्षक प्रतिमाएं, रोशनी और भव्य आयोजन देखने को मिलते हैं।
कटवा की कार्तिक पूजा का सबसे बड़ा आकर्षण ‘कार्तिक लड़ाई’ है। इस परंपरा को लेकर कई स्थानीय ऐतिहासिक और लोककथाएं प्रचलित हैं। माना जाता है कि पुराने समय में जमींदारों और उनके समर्थकों के बीच प्रतिमाओं तथा विसर्जन जुलूसों को लेकर प्रतिस्पर्धा होती थी। धीरे-धीरे यह परंपरा उत्सव का हिस्सा बन गई। आज कटवा की कार्तिक पूजा बंगाल के प्रमुख स्थानीय धार्मिक आयोजनों में गिनी जाती है।






0 टिप्पणियां